SMAT 2025 Prithvi Shaw brilliant fifty: कभी टीम इंडिया के फ्यूचर सुपरस्टार कहे गए पृथ्वी एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने क्रिकेट मैदान पर तूफानी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया है. इन दिनों वो घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में खेल रहे हैं. 28 नवंबर को हैदराबाद की टीम के खिलाफ पृथ्वी पुराने रंग में दिखे. उन्होंने महाराष्ट्र के लिए ओपनिंग करते हुए 23 बॉल पर फिफ्टी ठोकी और 36 बॉल पर कुल 66 रन बनाकर तहलका मचा दिया. वो विरोधी टीम के गेंदबाजों पर एक तरह से कहर बनकर टूटे. उनकी इस पारी के दम पर महाराष्ट्र ने 8 विकेट से बड़ी जीत हासिल की.
पृथ्वी शॉ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में महाराष्ट्र की कप्तानी कर रहे हैं. ऋतुराज गायकवाड़ के टीम इंडिया में चयन के चलते उन्हें कप्तानी मिली है. शॉ ने कुछ महीने पहले ही घरेलू क्रिकेट में अपनी पुरानी टीम मुंबई का साथ छोड़कर महाराष्ट्र का दामन थामा था और अब इस टीम के लिए बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच में धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया.
(@cricbuzz) November 28, 2025
36 बॉल पर 66 रनों की तूफानी पारी, उड़ाए 9 चौके 3 छक्के
दरअसल, घरेलू क्रिकेट में टीम बदलने वाले पृथ्वी अपना करियर पटरी पर लाना चाहते हैं, इसके लिए वो कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं. हैदराबाद के खिलाफ खेली गई 36 बॉल पर 66 रनों की तूफानी पारी से उन्होंने साबित भी कर दिया कि अब उनकी मेहनत का रिजल्ट भी दिखने लगा है. टीम इंडिया में वापसी की कोशिशों में जुटे पृथ्वी शॉ ने अपने खेल पर दोबारा फोकस किया है और वो खुद को साबित करने में जुटे हैं. इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे.
शॉ के अलावा अर्नीश कुलकर्णी ने भी तबाही मचाई
जिस मुकाबले में पृथ्वी शॉ ने 66 रन कूटे वो कोलकाता के साल्ट लेक के जेयू सेकेंड कैंपस मैदान पर खेला गया. हैदराबाद ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 191 रन किए थे. जिसका पीछा करते हुए महाराष्ट्र ने 2 विकेट खोकर 18.4 ओवर में 8 विकेट से जीत हासिल कर ली. कप्तान शॉ ने ओपनिंग करते हुए 66 रन किए. उनके अलावा अर्नीश कुलकर्णी ने 54 बॉल पर 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 89 रन कूटे. वो शतक से 11 रन दूर रह गए. आखिर में राहुल त्रिपाठी ने 11 बॉल पर 26 रन बनाकर मैच खत्म किया.
IPL 2025 ऑक्शन में रहे थे अनसोल्ड
पृथ्वी का पूरा फोकस है कि वो आईपीएल 2026 में जलवा दिखाएं. पिछले साल हुए आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में पृथ्वी शॉ को कोई खरीदार नहीं मिला था. उन्हें तब दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया था. अब अगले सीजन के लिए 16 दिसंबर को नीलामी होनी है. इससे ठीक पहले पृथ्वी शॉ अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं.
नीलामी में लग सकती है बड़ी बोली
पृथ्वी शॉ ने पहले उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कमाल का प्रदर्शन किया और अब मुश्ताक अली ट्रॉफी में रनों की बारिश की है. ऐसे में माना जा रहा है कि शॉ पर नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है. वो किसी भी टीम के लिए एक तूफानी ओपनर की कमी पूरी कर सकते हैं. ये वही पृथ्वी शॉ हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में विश्व क्रिकेट में अपना नाम बना लिया था, लेकिन वक्त के साथ उनका करियर पटरी से उतर गया. शॉ भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले पांच कप्तानों में से एक हैं.
ये भी पढ़ें: 20 चौके-छक्के…57 बॉल पर 123 रन… AUS के खिलाफ T20 शतक ठोकने वाले इकलौता भारतीय बैटर, जिसने गेंदबाजों को रूला दिया था!