Australia vs England Test: ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के लिए बुरी खबर आई है. पर्थ में पहले मिली शर्मनाक हार के बाद अब टीम को बड़ा झटका लगा है. खूंखार तेज गेंदबाज मार्क वुड ब्रिसबेन में अगले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. वह चोट के कारण इस अहम मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे. उनके स्थान पर इंग्लिश टीम में जोश टंग की वापसी हो सकती है. टंग ने भारत के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी और 3 मैचों में 19 विकेट लिए थे. वह मोहम्मद सिराज (23) के बाद सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज थे.
15 महीने बाद लौटे थे वुड
पर्थ में हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम दूसरे टेस्ट में जोरदार वापसी की कोशिश कर रही है. उसकी इस कोशिश को तगड़ा झटका लगा है. मार्क वुड के नहीं खेलने से इंग्लैंड का आक्रमक कमजोर हो सकता है. 35 साल के मार्क वुड का इंजरी से गहरा नाता रहा है. वह जितने दिन क्रिकेट में सक्रिय नहीं रहते उससे ज्यादा इंजरी की वजह से बाहर रहते हैं. वह पर्थ में टेस्ट इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे. वुड इंजरी की वजह से लगभग 15 महीने बाद टेस्ट टीम में लौटे थे, लेकिन महज 11 ओवर गेंदबाजी कर सके. वुड ब्रिसबेन टेस्ट से बाएं घुटने में परेशानी की वजह से बाहर हुए हैं.
करियर के आखिरी चरण में वुड
मार्क वुड ने शनिवार सुबह एलन बॉर्डर फील्ड में इंग्लैंड के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया था. वह इंग्लैंड टीम में चुने गए एकमात्र सदस्य थे जो अभ्यास सत्र का हिस्सा नहीं थे. अभ्यास सत्र में उनका शामिल न होना इस बात का संकेत है कि वह गाबा टेस्ट से बाहर रहेंगे. वुड अपने करियर के आखिरी चरण में हैं.
ये भी पढ़ें: ‘दो दिग्गज आ रहे…’, रोहित-विराट का जिक्र, तेम्बा बावुमा ने एक झटके में जीत लिया करोड़ों भारतीय फैंस का दिल
ब्रिसबेन में खलेगी कमी
35 साल या उसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजों के लिए खेलना मुश्किल होता है. इंजरी के बाद रिकवरी करते हुए वापसी करना और भी मुश्किल होता है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज की वापसी पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम की निगाहें होंगी.ब्रिसबेन की गाबा पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है. वुड अपनी गति और गेंदबाजी में विविधता से इंग्लैंड के लिए कारगर साबित हो सकते थे और पहले टेस्ट में मिली शर्मनाक हार के बाद दमदार वापसी में अहम भूमिका निभा सकते थे. उनका बाहर होना इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका है.