Last Updated:
PAK vs SL Tri Series Final Fakhar Zaman Clash with Umpire: श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच हुए T20I ट्राई सीरीज फाइनल में फखर जमां इतनी बेईमानी पर उतर आए कि एक कैच को लेकर अंपायर से भिड़ बैठे. फखर जमां का साथ दने के लिए उनके साथी खिलाड़ी भी आ गए. LIVE मैच में खूब बवाल मचा. चलिए जानते हैं पूरा मामला था क्या…
नई दिल्ली. पाकिस्तान ने श्रीलंका को फाइनल में शिकस्त देकर टी20 ट्राई सीरीज नाम कर ली. रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका की बल्लेबाजी बेहद खराब रही. पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंकाई पारी पूरे 20 ओवर खेले बिना ही 114 रन पर सिमट गई. कामिल मिशारा (59) का किसी बल्लेबाज ने साथ नहीं दिया, जिसका खामियाजा श्रीलंका को हार के साथ उठाना पड़ा. पाकिस्तान ने 8 गेंदे रहते 118 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. इस मुकाबले में एक बवाल भी देखने को मिला, जब फखर जमां बेईमानी पर उतर आए और अंपायर से भिड़ बैठे. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है.
क्या था मामला?
यह बवाल शाहीन अफरीदी के ओवर में हुआ, जब वह श्रीलंका के बल्लेबाज दसुन शनाका को गेंदबाजी कर रहे थे. शाहीन ने 19वें ओवर में स्टंप्स पर एक धीमी गेंद फेंकी. शनाका ने उसे फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के किनारे से लगकर शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ हवा में चली गई. सर्कल के अंदर फील्डिंग कर रहे फखर जमां तेजी से पीछे भागे और सही समय पर कूदकर आगे की तरफ डाइव लगाते हुए दोनों हाथों से एक शानदार कैच लपका. ऐसा लग रहा था कि कैच साफ है. ऑन-फील्ड अंपायरों ने पहले इसे आउट माना, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए कि गेंद जमीन से टच हुई है या नहीं, फैसला तीसरे अंपायर को भेजा गया. रीप्ले में दिखा कि डाइव लगाते समय फखर की कलाई जमीन से टकराई, लेकिन गेंद उनके हाथों में सुरक्षित थी. हालांकि, सामने के एंगल से यह साफ दिखा कि डाइव पूरी करने के दौरान गेंद जमीन को छू गई थी. इसलिए, तीसरे अंपायर ने शनाका को नॉट आउट करार दिया.