Last Updated:
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) चाहता है कि पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली 2025-26 के विजय हजारे ट्रॉफी में खेलें. यह प्रमुख घरेलू वनडे टूर्नामेंट 24 दिसंबर से 18 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “बोर्ड खुश होता अगर वे (रोहित और विराट) ने इंग्लैंड में गर्मियों के दौरान कुछ क्रिकेट खेला होता. उन्हें अगले महीने विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेने की सलाह दी जाएगी.”
इस महीने की शुरुआत में खबर आई थी कि रोहित ने मुंबई के विजय हजारे ट्रॉफी मैचों के लिए खुद को उपलब्ध बताया है, लेकिन कोहली की भागीदारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कोहली ने पिछले 10 सालों से दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा नहीं लिया है. हालांकि उन्होंने इस साल की शुरुआत में अरुण जेटली स्टेडियम में आयुष बडोनी की कप्तानी में दिल्ली के लिए एक रणजी ट्रॉफी मैच खेला था. ऐसे में अगर वे विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं तो यह किसी के लिए हैरानी की बात नहीं होगी.
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज (30 नवंबर से 6 दिसंबर) के बाद BCCI चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के बीच एक बैठक आयोजित करने की योजना बना रहा है. इसमें रोहित और कोहली के वनडे सेटअप में भविष्य को लेकर योजना बनाई जाएगी. पूरा फोकस 2027 वनडे वर्ल्ड कप को पर रहेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट इस बात पर काम कर रहा है कि अगर किसी वजह से रोहित या कोहली में से कोई एक शोपीस इवेंट में नहीं खेल पाता तो उनके बैकअप खिलाड़ी कौन होंगे.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.