शाजापुर शहर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में शनिवार रात छेड़छाड़ के आरोप के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
.
छेड़छाड़ के आरोप के बाद पिटाई
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी नगर में शनिवार रात एक युवक पर दूसरे समुदाय की एक लड़की से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को घेर लिया। इसी दौरान विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे घटना का पूरा विवरण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना के बाद कुछ लोग शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे। कोतवाली टीआई संतोष वाघेला ने पुष्टि करते हुए बताया कि लक्ष्मी नगर में मारपीट की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।