मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा।
.
भाजपा विधायक ने कहा- कलेक्टर से जवाब तो लेंगे गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने कलेक्टर की क्लास लगा दी। उन्होंने खाद की किल्लत और खाद के लिए लाइन में लगी एक महिला की मौत के मामले में कलेक्टर को घेर लिया।
मंच पर ज्योतिरादित्य सिंधिया और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल बैठे थे। तभी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शाक्य ने कहा- कलेक्टर साहब बैठे हैं। जवाब तो हम कलेक्टर साहब से ही लेंगे। लंबी-लंबी लाइन क्यों लग रही हैं।
विधायक ने आगे कहा- आपकी व्यवस्था कैसी है। क्या महाराज साहब को बदनाम करना चाहते हो कि उनके क्षेत्र में ऐसा हो रहा है। मैं कभी नहीं चाहूंगा ऐसा। वो महिला वहां तड़पती रही। क्या हुआ उसका, मर गई, इसका क्या कारण था, पहले इसका जवाब दिया जाए।साहब से तो जवाब लेंगे, यहां नहीं तो विधानसभा में लेंगे।
भरे मंच पर फजीहत हुई तो सिंधिया अगले कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य को समझाकर लाए। ये बात भी विधायक ने भरे मंच से बोल दी। उन्होंने बताया- महाराज ने कहा है कि खेल पर ही बोलना, इसके अलावा नहीं।
भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने भरे मंच पर खाद की कमी को लेकर कलेक्टर से सवाल कर दिए।
शिवराज मामा ने लिया पंजाबी रेसिपी का आनंद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मक्के दी रोटी और सरसों दा साग का स्वाद चखा। गुनगुनी धूप में चारपाई पर बैठकर पंजाबी रेसिपी का आनंद लिया।
शिवराज सिंह दो दिन पहले पंजाब के दौरे पर थे। वे मोगा जिले के रणसिंह कलां गांव पहुंचे थे। जहां किसानों ने उनकी जमकर खातिरदारी की। शिवराज सिंह चौहान भी देसी अंदाज में उनके बीच बैठे और खाना खाया।
मक्के दी रोटी और सरसों दा साग के साथ ही लस्सी की भी व्यवस्था थी। जब किसानों ने शिवराज सिंह को लस्सी ऑफर की तो बड़ा सा जग देखकर शिवराज सिंह ने कहा कि हम लस्सी तो पीयेंगे, लेकिन आधी।
दरअसल रणसिंह कलां गांव पराली प्रबंधन में एक मॉडल बना है। गांव के किसानों ने पिछले 6 साल से पराली नहीं जलाई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद गांव में जाकर ये देखा और किसानों से इस बारे में बातचीत कर सीधी बुवाई, कम खाद का इस्तेमाल और पराली मैनेजमेंट के उनके तरीकों को समझा।

पंजाब के दौरे पर गए शिवराज सिंह ने मक्के दी रोटी और सरसों दा साग का आनंद लिया।
‘मैगी’ की तलाश, खोजकर लाने वाले को इनाम 10 हजार जबलपुर पुलिस को ‘मैगी’ की तलाश है। ये कोई खाने वाली मैगी नहीं, बल्कि मैगी एक फीमेल डॉग का नाम है, जो करीब 10 दिन से लापता है। डॉग मालिक ने बकायदा इसकी एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉग ‘मैगी’ करीब 9 साल से परिवार के सदस्य की तरह रह रही थी। अचानक उसके गायब हो जाने से परिवार वाले दुखी है। परेशान हो रहे है। डॉग मैगी की तलाश में शहर में पोस्टर भी चस्पा किए है। उसे खोजने वाले को 10 हजार रुपए इनाम देने का भी ऐलान किया गया है।
परिवार का कहना है कि मैगी डॉग नहीं, बल्कि उनकी बेटी जैसी है। उसके गायब होने से घर में सन्नाटा है। परिवार तो डॉग की तलाश में जुटी ही है। अब पुलिस भी खोजबीन में लग गई है।

अपने पालतू डॉग के खो जाने पर रोती डॉग मालिक।
बच्चे ने 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव को सुनाया तंबूरा भजन सागर में एक बच्चे ने 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव को तंबूरा भजन सुनाया। उसने तो तान छेड़ी उसे सुनकर वहां मौजूद लोग वाह-वाह कह उठे। खुद गोपाल भार्गव ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
बच्चे का नाम रोशन पटेल है। जो गोपाल भार्गव की विधानसभा क्षेत्र के छपरा गांव का रहने वाला है। उसने विधायक को ‘मेरी शादी करा दो’ वाला गीत सुनाया। साथ ही गोपाल भार्गव पर बनाया गाना भी सुनाया।
गोपाल भार्गव ने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जब मां सरस्वती की कृपा बनी हो, तो साधारण सा गांव भी असाधारण सितारों को जन्म देता है। मेरी विधानसभा के छोटे से गांव छपरा के बाल गायक रोशन पटेल ने अपनी देसी सुर-लहरियों से ऐसा समां बांधा कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया।
बात खरी है सीरीज की ये कड़ी भी पढ़ें… अचानक गुस्सा हो गए तोमर, देखते रह गए सीएम: नए नवेले अध्यक्ष को नहीं मिली कुर्सी; उधर मंत्री बोले- अभी हम जिंदा है

भोपाल में मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के नए नवेले अध्यक्ष यश घनघोरिया का पदभार ग्रहण समारोह हुआ, लेकिन इस कार्यक्रम में खुद उन्हें कुर्सी ही नहीं मिली। वे दो अतिथियों के बीच चेयर हैंडल पर बैठकर किसी तरह एडजस्ट हुए। अपने भाषण की बारी आने पर जीतू पटवारी को भी माइक तक पहुंचने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कुछ देर के लिए तो वे नेताओं की जमावट में लग गए। पूरी खबर पढ़ें..