India vs South Africa ODI Match: भारत-साउथ अफ्रीका के बीच बहुप्रतिक्षित वनडे सीरीज की शुरुआत रविवार (30 नवंबर) को होने वाली है. भारत के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शहर रांची में क्रिकेट फैंस को विराट कोहली और रोहित शर्मा का इंतजार है. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके ये दोनों दिग्गज रनों की बारिश करने उतरेंगे. उनके अलावा एक और खिलाड़ी पर सबकी नजर है. चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को वनडे की प्लेइंग-11 में 2 साल बाद मौका मिल सकता है. इसके लिए उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है.
धोनी के शहर में दिखाएंगे जलवा
ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछली बार 19 दिसंबर 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच खेला था, जबकि 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी बार टी20 फॉर्मेट में उतरे थे. गायकवाड़ ब्लू जर्सी में वापस लौटकर काफी खुश हैं. वह इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम के लिए फिर से योगदान देने को लेकर उत्सुक हैं. कप्तान शुभमन गिल गर्दन में चोट की वजह से इस सीरीज में नहीं खेलेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर स्प्लीन इंजरी की वजह से इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ को सीरीज में शामिल किया गया है. केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है.
गायकवाड़ ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट किया है. इसमें गायकवाड़ ने कहा, ”ब्लू जर्सी में वापस लौटकर अच्छा लगा. मुझे टीम इंडिया के लिए फिर से खेलने का इंतजार है.” गायकवाड़ इस बार मौके का भरपूर फायदा उठाना चाहेंगे और अपनी फ्रेंचाइजी के पूर्व कप्तान धोनी के शहर में छाप छोड़ना चाहेंगे. गायकवाड़ पिछले आईपीएल सीजन में कुछ मैचों के बाद चोटिल हो गए थे तो धोनी ने कमान संभाली थी. अब वह फिर से नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने अपनी मंशा जाहिर कर दी है और बिना नाम लिए साउथ अफ्रीका को वॉर्निंग भी दे दी.
ये भी पढ़ें: ‘दो दिग्गज आ रहे…’, रोहित-विराट का जिक्र, तेम्बा बावुमा ने एक झटके में जीत लिया करोड़ों भारतीय फैंस का दिल
मोर्कल को ऋतुराज से उम्मीद
भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने शुक्रवार को गायकवाड़ के वनडे टीम में शामिल होने के बारे में कहा था, ”उनका यहां होना बहुत अच्छा है. वह पिछले कई वर्षों से एक क्वालिटी प्लेयर रहे हैं. अगर उन्हें यह मौका मिलता है, तो मुझे पूरा यकीन है कि वह देश को बहुत गर्व महसूस कराएंगे.” गायकवाड़ ने हाल ही में राजकोट में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. इस दौरान उन्होंने 117, 68* और 25 रन की पारियां खेलीं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, ऋतुराज गायकवाड़, हर्षित राणा, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह.