India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत रविवार (30 नवंबर) को होने वाली है. रांची में पहला मुकाबला खेला जाएगा और उससे पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने एक ऐसा काम किया है जिसने सबको हैरान कर दिया. उन्होंने सीरीज से पहले दोनों टीमों की एक कंबाइंड इलेवन चुनी है. इसमें साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा को उन्होंने शामिल नहीं करके सनसनी मचा दी है. तेम्बा की कप्तानी में हाल ही में अफ्रीकी टीम ने भारत में टेस्ट सीरीज 2-0 के अंतर से जीती थी.
स्टेन की प्लेइंग-11 में कौन-कौन?
साउथ अफ्रीकी दिग्गज का मानना है कि दोनों टीमों की कंबाइंड इलेवन चुनना एक ‘मुश्किल’ काम था. उनका कहना है कि दोनों टीमों के पास बहुत सारे शानदार खिलाड़ी हैं. डेल स्टेन की कंबाइंड इलेवन में रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल, डेवाल्ड ब्रेविस, रवींद्र जडेजा, मार्को जानसेन, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और लुंगी एनगिडी को स्थान दिया गया है.
रोहित और डिकॉक को बनाया ओपनर्स
‘स्टारस्पोर्ट्स’ की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में जब स्टेन से टीम चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा, ”दोनों टीमों को मिलाना मुश्किल है. दोनों टीमों के पास बहुत सारे शानदार खिलाड़ी हैं. निश्चित रूप से किसी को बाहर होना पड़ेगा, लेकिन रोहित बैटिंग और क्विंटन डिकॉक ओपनिंग करेंगे. विराट कोहली नंबर तीन पर, तिलक वर्मा नंबर चार पर, केएल राहुल नंबर पांच पर, और ब्रेविस नंबर छह पर होंगे. इनके अलावा रवींद्र जडेजा, मार्को यानसेन, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और लुंगी एनगिडी इस टीम में होंगे.”
ये भी पढ़ें: वर्ल्ड कप जीत के बाद अब हरमनप्रीत को बड़ा सम्मान, युवराज सिंह के साथ इस स्टेडियम में ‘अमर’ हो जाएगा नाम
गिल की अनुपस्थिति में राहुल भारत के कप्तान
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद भारत तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में मेहमान टीम का सामना करेगा. इसके बाद पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी. इस सीरीज में कप्तान शुभमन गिल नहीं खेल रहे हैं. वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे. उनके स्थान पर केएल राहुल को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई है. विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर नजर आएंगे. सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा. 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में तीसरा मैच होगा.