भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज कल यानी 30 नवंबर से होगा. टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच पहला वनडे इंटरनेशनल मैच रविवार को दोपहर 1:30 बजे से रांची में खेला जाएगा. क्विंटन डि कॉक, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाज इस वनडे सीरीज में रनों और शतकों की आग उगलने के लिए बेताब बैठे हैं. वनडे इतिहास में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 94 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 40 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं, साउथ अफ्रीका ने 51 मुकाबलों में बाजी मारी है. 5 बल्लेबाज ऐसे रहे हैं, जिन्होंने भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे मैचों में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं.
1. क्विंटन डि कॉक (साउथ अफ्रीका)
क्विंटन डि कॉक ने साल 2013 से 2023 के बीच भारत के खिलाफ 20 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 53.85 की औसत के साथ 1,077 रन बनाए हैं. इस दौरान क्विंटन डि कॉक के बल्ले से 6 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं. क्विंटन डि कॉक ने भारत के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 135 रन की हाईएस्ट पारी खेली है.
2. एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका)
‘मिस्टर 360’ के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स ने भारत के खिलाफ 32 वनडे मुकाबलों में 48.46 की औसत के साथ 1,357 रन बनाए हैं. एबी डिविलियर्स ने इस दौरान 6 शतक और 5 अर्धशतक ठोके हैं. एबी डिविलियर्स ने भारत के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 119 रन की हाईएस्ट पारी खेली है.
3. विराट कोहली (भारत)
विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 31 वनडे मैचों में 65.39 की औसत के साथ 1,504 रन बनाए हैं. इस दौरान विराट कोहली ने 5 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं. विराट कोहली ने 7 फरवरी 2018 को केपटाउन वनडे में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध हाईएस्ट 160 रन की नाबाद पारी खेली थी. विराट कोहली ने इस टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 17 छक्के और 121 चौके लगाए हैं.
4. सचिन तेंदुलकर (भारत)
सचिन तेंदुलकर ने साल 1991 से 2011 के बीच साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 57 वनडे मैचों में सर्वाधिक 2,001 रन बनाए हैं. इस दौरान साउथ अफ्रीका के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के बल्ले से 5 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं. सचिन तेंदुलकर वनडे इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर हैं. सचिन तेंदुलकर ने यह कारनामा साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था.
5. गैरी कस्टर्न (साउथ अफ्रीका)
गैरी कस्टर्न ने साल 1995 से 2001 के बीच भारत के विरुद्ध 26 वनडे मुकाबलों में 4 शतक और 9 अर्धशतक के साथ 1,377 रन बनाए. इस खिलाड़ी ने अपने वनडे करियर में भारत के खिलाफ हाईएस्ट नाबाद 133 रन की पारी खेली. कस्टर्न भारतीय टीम के हेड कोच भी रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में भारत ने वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जीता था.