विराट कोहली समेत हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से रिटायर हुए कुछ टॉप क्रिकेटर्स को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) फिर से इस फॉर्मेट में वापसी करने के लिए कह सकता है. एक रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला दावा किया गया है. विराट कोहली ने इस साल मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, लेकिन वह लाल गेंद की क्रिकेट में टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं. विराट कोहली अभी भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं. विराट कोहली अभी 37 साल के हैं और उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है.
विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास तुड़वा सकता है BCCI?
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली से उनके रिटायरमेंट पर फिर से सोचने के लिए संपर्क करने का ‘विचार शुरू हो गया है’. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि हाल ही में रिटायर हुआ एक अन्य खिलाड़ी अपने टेस्ट भविष्य के बारे में ‘फिर से सोचने के लिए तैयार’ हो सकता है. भारतीय क्रिकेट में यह उथल-पुथल टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 से हारने के बाद हो रही है. हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम इंडिया में अनुभव की कमी का हवाला देते हुए इसके लिए ‘ट्रांजिशन’ को जिम्मेदार ठहराया था.
बड़े-बड़े स्टार क्रिकेटर्स हो गए रिटायर
पिछले साल गौतम गंभीर के टीम इंडिया की कोचिंग संभालने के बाद से विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. इससे पहले राहुल द्रविड़ की कोचिंग में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे टेस्ट टीम से बाहर हो गए थे. चेतेश्वर पुजारा ने भी इस साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था.
पुजारा और रहाणे को भी किया गया दरकिनार
भारत का टेस्ट बैटिंग लाइनअप अब वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे कम अनुभवी बैटिंग लाइनअप में से एक है. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने कथित तौर पर टीम इंडिया में अपनी भूमिका कम होते देख इस साल मई में टेस्ट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वे खुद इस फॉर्मेट में संघर्ष कर रहे थे. खासकर घरेलू मैदान पर. चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन खराब होने के बावजूद कई सालों तक उनका साथ दिया गया, लेकिन टीम उनकी जगह ऐसे खिलाड़ियों को नहीं ला पाई जो स्पिन खेल सकें और घरेलू हालात में हावी हो सकें.
निशाने पर सेलेक्टर्स
इस बीच अनिल कुंबले के बाद भारत के सबसे महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट में टीम की 11 में जगह न मिलने के बाद संन्यास ले लिया. रिपोर्ट में कहा गया है कि चीफ सेलेक्टर्स अजीत अगरकर 26 नवंबर से अहमदाबाद में हैं और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नेशनल T20 चैंपियनशिप सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप D के मैचों की देखरेख कर रहे हैं. टेस्ट हार को लेकर सेलेक्टर्स भी निशाने पर हैं.
कोच गौतम गंभीर की आलोचना की गई
साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में टेस्ट सीरीज हारने के बाद अजीत अगरकर की अगुवाई वाले सेलेक्शन पैनल और हेड कोच गौतम गंभीर की आलोचना की गई. रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद क्रिकेट के जानकारों ने माना कि भारतीय टीम में कई ऐसे युवा और टैलेंटेड क्रिकेटर्स हैं, जो इन तीनों की कमी को पूरा कर देंगे. इस साल जुलाई-अगस्त में इंग्लैंड दौरे पर शुभमान गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने अंग्रेजों के खिलाफ 2-2 से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराई, तो फैंस को कुछ उम्मीद मिली. हालांकि इस साल नवंबर आते ही टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ही घर में टेस्ट सीरीज हार गई.