India vs South Africa 1st ODI: टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को रांची में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में धूल चटा दी और 17 रन से मैच जीत लिया. तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली. विराट कोहली के शतक के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 349/8 का स्कोर बोर्ड पर टांग दिया. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रन पर सिमट गई और 17 रन से मैच हार गई. विराट कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया.
विराट कोहली की चकाचौंध में फीका पड़ गया ये खिलाड़ी
विराट कोहली ने इसी के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में 70वीं बार ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब जीता. विराट कोहली ने 120 गेंदों पर 135 रन बनाए. विराट कोहली ने 112.50 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए अपनी पारी में 11 चौके और 7 छक्के लगाए. रांची वनडे मैच के दौरान विराट कोहली की चकाचौंध में टीम इंडिया का एक खिलाड़ी फीका पड़ गया. यह खिलाड़ी भी ‘मैन ऑफ द मैच’ बनने का दावेदार था, लेकिन चर्चा सबसे ज्यादा विराट कोहली की हो रही थी. विराट कोहली के जलवे के सामने उस खिलाड़ी के प्रदर्शन की चमक फींकी पड़ गई.
रांची वनडे में इस खिलाड़ी ने पलट दिया पासा
रांची वनडे मैच में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत दिलाने में विराट कोहली के अलावा कुलदीप यादव का बड़ा योगदान था. कुलदीप यादव भी ‘मैन ऑफ द मैच’ बनने के दावेदार थे. कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची वनडे मैच में पूरी दुनिया को दिखाया कि आखिर क्यों वह भारत के बेस्ट मैच विनर्स में शुमार हैं. कुलदीप यादव ने इस मैच में 10 ओवर में 68 रन देकर 4 विकेट चटकाए और मैच का पासा पलट दिया. कुलदीप यादव ने इस दौरान टोनी डी जोरजी (39 रन), मार्को यानसेन (70 रन), मैथ्यू ब्रीत्ज़के (72 रन) और प्रेनेलन सुब्रायन (17 रन) के अहम विकेट हासिल किए.
मैच हार भी सकता था भारत
रांची वनडे में एक वक्त ऐसा आया जब मार्को यानसेन और मैथ्यू ब्रीत्ज़के क्रीज पर टिक चुके थे और वह भारतीय गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ा रहे थे. साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर्स मार्को यानसेन और मैथ्यू ब्रीत्ज़के मिलकर छठे विकेट के लिए 97 रन की पार्टनरशिप कर चुके थे. तभी कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका की पारी में 34वें ओवर में मार्को यानसेन और मैथ्यू ब्रीत्ज़के को आउट कर मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया था. 34वें ओवर ही में कुलदीप यादव ने मैच का पासा पलट दिया. कुलदीप यादव ने अगर साउथ अफ्रीका के ये दो अहम विकेट नहीं दिलाए होते तो भारत हार भी सकता था.
भारत ने जीता रांची वनडे
भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को रांची में खेले गए पहले वनडे में 17 रन से हराकर 3 तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 349 रन बनाए थे. विराट कोहली ने शतक लगाते हुए 135 रन की पारी खेली. वनडे में विराट का यह 52वां शतक था. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रन पर सिमट गई और 17 रन से मैच हार गई. भारतीय टीम की तरफ से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे. कुलदीप ने 10 ओवर में 68 रन देकर 4 विकेट लिए. जीत के साथ भारत सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है. दूसरा वनडे रायपुर में 3 दिसंबर को खेला जाएगा.