बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र स्थित नाहिया क्रेशर से चोरों ने 30 लाख रुपए कीमत का मिलर चुरा लिया। यह चोरी बेहद प्लानिंग से की गई। सोमवार शाम को हालांकि, हाईवे पर मिलर में आग लगने के बाद चोर उसे पाढर के पास छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मिलर बरामद कर ल
.
क्रेशर के मैनेजर सचिन शुक्ला ने बताया कि चोरों ने वारदात से पहले परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी और हाईमास्ट लाइट बंद कर दी। इसके बाद रात में मिलर ट्रक क्रमांक MP41G3311 को मौके से चुराकर ले गए।
जब ट्रक मिलानपुर टोल के पास पहुंचा तो उसमें आग लग गई। चोर ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर खुद आग बुझाई। बातचीत के दौरान चोर ने खुद को मिलर से जुड़ा व्यक्ति बताया और मालिक से संपर्क कराने की बात टाल दी।
आग लगने से चोर मिलर छोड़कर भागे
आग लगने से ट्रक के टायर और लाइनर खराब हो गए। इस कारण चोरों को वाहन बैतूल से लगभग 18 किलोमीटर दूर पाढर में छोड़ना पड़ा। पुलिस ने बाद में इस मिलर को पाढर क्षेत्र से बरामद कर लिया।
यह क्रेशर एमके केसर के नाम से महेंद्र मालवीय संचालित करते हैं। उन्हें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खड़ेलवाल के बड़े भाई मुकेश खंडेलवाल का करीबी बताया जाता है।
पुलिस चोरों की तलाश कर रही
आमला टीआई मुकेश ठाकुर ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोर के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश जारी है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जिले में भारी वाहन चोरी की अन्य वारदातें भी सामने आई हैं। इसी सप्ताह मुलताई से एक डंपर चोरी हो चुका है और बैतूल शहर में भी डंपर चोरी का प्रयास विफल किया गया था।
पूर्व में सदर इलाके में हुई एक वारदात में चोर जैमर छोड़कर भागे थे, जिससे किसी तकनीकी रूप से होशियार गिरोह के सक्रिय होने का शक गहराया था। नाहिया क्रेशर चोरी की यह घटना इस आशंका को और मजबूत करती है।