नई दिल्ली: क्रिकेट की दुनिया में रिकॉर्ड्स की अपनी अलग ही चमक है. लंबे समय तक वनडे क्रिकेट के लगभग हर बड़े रिकॉर्ड पर सचिन तेंदुलकर का दबदबा रहा. हालांकि विराट कोहली ने अपनी शानदार बैटिंग से कई रिकॉर्ड तोड़कर सचिन के करीब पहुंच गए हैं. टेस्ट और टी-20 से संन्यास लेने के बाद भी विराट वनडे क्रिकेट के किंग माने जाते हैं. हाल ही में रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी ताबड़तोड़ शतकीय पारी ने एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है.
रिकॉर्ड बुक में अब भी वनडे के पांच बड़े रिकॉर्ड ऐसे हैं, जिन पर सचिन तेंदुलकर मजबूती से डटे हैं. सवाल ये है कि क्या 37 साल के विराट इन रिकॉर्ड्स को तोड़ सकते हैं? उनकी फिटनेस और फॉर्म शानदार है. लेकिन चुनौती आसान नहीं होगी. आइए देखते हैं कौन-से रिकॉर्ड अब भी सचिन के नाम हैं…
1. वनडे में सबसे ज्यादा रन
सचिन तेंदुलकर ने 18,426 रन बनाए हैं. विराट कोहली अभी 14,390 रन पर हैं. यानी करीब 4,000 रन पीछे. अगर विराट हर साल लगभग 1,000 रन बनाते रहें तो अगले चार साल में ये रिकॉर्ड उनके लिए संभव है.
2. सबसे लंबे समय तक वनडे खेलने का रिकॉर्ड
क्रिकेट इतिहास में सबसे लंबे वक्त तक वनडे क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है. उन्होंने 18 दिसंबर 1989 को पहला वनडे खेला. जबकि उनका आखिरी वनडे 18 मार्च 2012 को था. यानी 22 साल और 91 दिनों तक वो लगातार वनडे क्रिकेट खेलते रहे. जबकि विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को डेब्यू किया था. यानी वो 17 साल से वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं. सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 5 साल और खेलना होगा.
3. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन
वनडे के एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है. उन्होंने 1998 में 1894 बनाए थे. जबकि विराट कोहली ने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा अब तक 1460 रन बनाए हैं. ये कारनामा उन्होंने साल 2017 में किया था. करियर के इस मोड़ पर विराट का 1800 से ज्यादा रन बनाना मुश्किल चुनौती दिख रही है.
4. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक
वनडे के एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 9 शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है. उन्होंने ये कारनामा 1998 में किया था. जबकि विराट ने एक कैलेंडर ईयर में अब तक सबसे ज्यादा 6 शतक लगाए हैं. उन्होंने ये कारनामा 2018 में किया था.
5. वनडे में सबसे ज्यादा फिफ्टी
सचिन ने 145 फिफ्टी जमाई हैं. विराट अब तक 127 बार 50 का आंकड़ा पार कर चुके हैं. ये रिकॉर्ड वह आने वाले समय में पार कर सकते हैं.
तो बस तैयार रहिए. विराट आने वाले वक्त में कुछ भी कर सकते हैं. उन्होंने हमेशा अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है.