Last Updated:
Devdutt Padikkal cntury: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी में कर्नाटक के लिए देवदत्त पडिक्कल ने तूफानी बल्लेबाजी से धूम मचा दी. पडिक्कल ने तमिलनाडु के खिलाफ के 221.73 की स्ट्राइक रेट से 102 रनों की बेहतरीन पारी खेली. उनकी शानदार पारी से कर्नाटक टीम ने 145 रनों से बड़ी जीत हासिल की.
नई दिल्ली: बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में अपनी तूफानी बैटिंग से धमाल मचा दिया. तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में पडिक्कल ने कर्नाटक की तरफ से 46 गेंद में नाबाद 102 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 10 चौके और 6 बेहतरीन छक्के भी लगाए. इस तरह पडिक्कल का बल्लेबाजी में स्ट्राइक रेट 221.73 का रहा.
सिर्फ इतना ही नहीं, देवदत्त ने इस पारी के साथ ही एक बार फिर से टीम इंडिया में वापसी का दरवाजा खटखटा दिया है. हाल ही में देवदत्त पडिक्कल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया था. हालांकि, देवदत्त पडिक्कल को प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिल पाया.
क्या रहा मैच का नतीजा?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले गए इस मैच की बात करें तो कर्नाटक की टीम ने 145 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. मुकाबले में कर्नाटक की टीम को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था. पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने निर्धारित 20 ओवर के खेल में 3 विकेट के नुकसान पर 245 रन का स्कोर खड़ा किया था. कर्नाटक के लिए देवदत्त पडिक्कल के अलावा बीआर सरथ ने भी अर्धशतकीय पारी खेली. सरथ ने सिर्फ 23 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेली.
इसके अलावा कर्नाटक के लिए रविचंद्रन स्मरण ने भी 29 गेंद में 46 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान मयंक अग्रवाल ने 24 रनों का योगदान दिया. इसके जवाब में तमिलनाडु की बल्लेबाजी बहुत ही साधारण रही. तमिलनाडु की तरफ से सिर्फ चार ही बल्लेबाज ऐसे रहे, जिन्होंने दहाई के आंकड़े को पार किया. तमिलनाडु के लिए तुषार रहेजा ने सबसे ज्यादा 18 गेंद में 29 रनों की पारी खेली. इसके अलावा और कोई भी बल्लेबाज अपना दम नहीं दिखा पाए, जिसके कारण पूरी टीम 14.2 ओवर में 100 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें