Last Updated:
Virat Kohli 53rd ODI Century IND vs SA Raipur: विराट कोहली ने लगातार दूसरा और अपने वनडे करियर का 53वां शतक जड़कर वर्ल्ड क्रिकेट में तहलका मचा दिया है. भारत के सबसे बड़े बल्लेबाज ने ने 90 गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की. वह 93 गेंद पर 102 रन बनाकर आउट हुए.
रायपुर: नया मैच, नया मैदान और विराट कोहली का नया कारनामा… रांची में हुए पहले वनडे में शतक ठोकने के बाद रायपुर में भी विराट कोहली के बल्ले से सेंचुरी आई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में कोहली ने बैक टू बैक दूसरा शतक ठोकते हुए अपने प्रचंड इरादे जाहिर कर दिए हैं. यह उनका 53वां एकदिवसीय और 84वां अंतरराष्ट्रीय शतक है.
विराट कोहली ने रायपुर में कितनी गेंद में सेंचुरी पूरी की?
नवा रायपुर के खचाखच भरे शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में विराट कोहली ने 38वें ओवर में यानसेन की गेंद पर सिंगल लेकर जैसे ही शतक पूरा किया, पूरा ग्राउंड खुशी से झूम उठा. इधर ग्राउंड पर विराट कोहली अपना शतक सेलिब्रेट कर रहे थे तो उधर स्टेडियम में मौजूद 60 हजार दर्शक एक साथ कोहली-कोहली चिल्ला रहे थे. इस दौरान पवेलियन में हेड कोच गौतम गंभीर पर भी कैमरा फोकस हुआ. अपनी शतकीय पारी में विराट कोहली ने सात चौके और दो छक्के भी लगाए.
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारी | शतक |
| विराट कोहली | 308* | 296* | 53* |
| सचिन तेंदुलकर | 463 | 452 | 49 |
| रोहित शर्मा | 279 | 271 | 33 |
| रिकी पोंटिंग | 375 | 365 | 30 |
| सनत जयसूर्या | 445 | 433 | 28 |
11वीं बार लगातार दो शतक बनाए
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को पांचवें ही ओवर में रोहित शर्मा के रूप में करारा झटका लगा. 10वें ओवर तक दूसरे ओपनर यशस्वी जायसवाल के भी आउट हो जाने के बाद कोहली और रुतुराज गायकवाड़ ने स्कोरबोर्ड की बागडोर संभाली. पहले रुतुराज गायकवाड़ ने शतक जड़ा, ये उनके आठवें वनडे में इस फॉर्मेट का पहला सैकड़ा था. गायकवाड़ के 105 रन पर आउट होने के कुछ ही देर बाद कोहली ने अपनी सेंचुरी पूरी की. 2016-2018 के बीच जब कोहली अपने करियर के पीक पर थे, तब लगातार वनडे शतक लगाना उनके लिए मानो रोज का काम था. वनडे क्रिकेट में ये 11वां मौका था, जब उन्होंने लगातार दो शतक बनाए.
विराट कोहली ने ठोका 53वां वनडे शतक.
100 इंटरनेशनल शतकों के साथ सचिन अब भी सबसे आगे
अब विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर से चार सेंचुरी आगे निकल चुके हैं. वैसे कोहली 84 इंटरनेशनल शतक के साथ सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों से अब भी 16 सेंचुरी पीछे हैं. कोहली का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर के क्रिकेट में औसत लगभग 70 का है, जो उन छह बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है, जिन्होंने उनके खिलाफ कम से कम 1500 रन बनाए हैं.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें