सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार: फाइल बढ़ाने के लिए व्यापारी से मांगे थे 60 हजार, पकड़ाने के बाद मुंह छिपाते नजर आया – Satna News

सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:  फाइल बढ़ाने के लिए व्यापारी से मांगे थे 60 हजार, पकड़ाने के बाद मुंह छिपाते नजर आया – Satna News



पकड़े जाने पर मुंह छिपाते नजर आया रिश्वतखोर जीएसटी इंस्पेक्टर

सतना में लोकायुक्त रीवा की टीम ने सिविल लाइन तिराहे स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी से सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर कुमार सौरभ को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई उनके सरकारी आवास पर की गई, जहां टीम पहले से ही तैयार बैठी थी।

.

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई व्यापारी वीरेन्द्र कुमार की शिकायत पर की गई। उन्होंने 29 नवंबर को लोकायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि इंस्पेक्टर लगातार उन पर ई-वे बिल से जुड़े मामले में 60 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहे थे।

फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी रिश्वत व्यापारी ने बताया कि पेनाल्टी न लगाने और फाइल आगे न बढ़ाने का दबाव बनाकर उनसे पैसे मांगे जा रहे थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त टीम ने पहले पूरे प्रकरण का सत्यापन किया और उसके बाद ट्रैप की योजना बनाई।

बुधवार को तय रणनीति के अनुसार जैसे ही व्यापारी ने 20 हजार रुपये इंस्पेक्टर को दिए, टीम ने तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि इंस्पेक्टर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टीम उन्हें हिरासत में लेकर सीधे सर्किट हाउस पहुंची, जहां उनसे प्राथमिक पूछताछ की गई। इसके बाद प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और सबूत भी एकत्र किए गए।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर लंबे समय से व्यापारियों पर अनैतिक तरीके से दबाव बनाकर वसूली करता रहा है। स्थानीय कारोबारी भी उसकी कार्यशैली से परेशान थे, लेकिन खुलकर शिकायत करने से डरते थे।

फिलहाल लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि कहीं इंस्पेक्टर अन्य मामलों में भी अवैध वसूली में तो शामिल नहीं था। अधिकारीयों का कहना है कि जांच में अगर और तथ्य सामने आए, तो कार्रवाई और कड़ी होगी।



Source link