छतरपुर कांड पर बोले नेता प्रतिपक्ष- किसानों को खाद की जगह मिलता है थप्पड़

छतरपुर कांड पर बोले नेता प्रतिपक्ष- किसानों को खाद की जगह मिलता है थप्पड़


Last Updated:

Bhopal News: छतरपुर में एक महिला नायब तहसीलदार ने यूरिया वितरण के दौरान एक छात्रा और महिला को थप्पड़ जड़ दिए. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महिला अफसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

सोशल मीडिया पर नायब तहसीलदार रितु सिंघई की आलोचना हो रही है.

रिपोर्ट- शैलेंद्र सिंह, भोपाल. मध्य प्रदेश के छतरपुर थप्पड़ कांड पर सियासत शुरू हो गई है. दरअसल यूरिया वितरण के दौरान महिला नायब तहसीलदार ने एक छात्रा और महिला को थप्पड़ जड़ दिए थे. इस मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘यह सुशासन नहीं, कुशासन की पराकाष्ठा है. मध्य प्रदेश में किसान अगर खाद मांगें, तो प्रशासन थप्पड़ बरसाता है. क्या प्रदेश में अब खाद मांगना गुनाह हो गया है. पहले भी एक महिला अधिकारी ने किसान को खाद के लिए थप्पड़ मारा था और आज फिर छतरपुर में महिला नायब तहसीलदार ने खाद के लिए लाइन में खड़ी एक छात्रा को सिर्फ टोकन मांगने पर थप्पड़ जड़ दिया.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘भूखे प्यासे, दो-दो महीने से खाद के लिए तरसते किसान. रातों रात लाइन में लगने वाली गरीब महिलाएं-छात्राएं, जिनके सपने किताबों में थे, अब सरकारी थप्पड़ों में बदल दिए गए और भाजपा सरकार कहती है कि सबका साथ, सबका विकास. कितना बड़ा मजाक है. चुनावी मंचों से किसान सम्मान की बातें लेकिन जमीनी हकीकत यह कि किसानों को खाद की जगह थप्पड़ मिलता है. मुख्यमंत्री जी से अनुरोध है कि इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ऐसे अधिकारी के खिलाफ तुरंत और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.’

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बताते चलें कि छतरपुर में किसानों को यूरिया के बदले थप्पड़ नसीब हो रहे हैं. यहां पर थप्पड़बाज नायब तहसीलदार का वीडियो सामने आया. यह वीडियो आज (बुधवार) सुबह का है. छतरपुर नगर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार रितु सिंघई मंडी परिसर में किसानों को यूरिया खाद का टोकन बांट रही थीं. इसी दौरान महिलाएं टोकन के लिए जब नायब तहसीलदार के पास आईं, तो वह महिलाओं से उलझ गईं और देखते ही देखते रितु सिंघई ने पहले एक महिला को झपटकर थप्पड़ जड़ दिया और उसके बाद एक छात्रा को एक के बाद एक दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए. यह वाकई शर्मनाक है कि खाद की एक बोरी पाने के बदले में महिलाओं को अधिकारियों के थप्पड़ सहने पड़ रहे हैं.

थप्पड़बाज अफसर को कारण बताओ नोटिस
वहीं इस मामले में कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने नायब तहसीलदार रितु सिंघई को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. कलेक्टर ने एक दिन में जवाब मांगा है. थप्पड़बाज नायब तहसीलदार की करतूत से किसानों में आक्रोश है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

homemadhya-pradesh

छतरपुर कांड पर बोले नेता प्रतिपक्ष- किसानों को खाद की जगह मिलता है थप्पड़



Source link