India vs South Africa: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बैक टू बैक शतक जड़कर उन आलोचकों को करारा जवाब दिया है, जो उनके रिटायरमेंट की बात कर रहे थे. रांची के बाद उन्होंने रायपुर में साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और अपने ODI करियर का 53वां शतक जड़ा. इस शानदार पारी के दौरान विराट कोहली ने एक ऐसा शॉट खेला, जिसे देखकर करोड़ों भारतीय फैंस एक सुर में बोले- ‘अरे ऐसा छक्का तो हारिस रऊफ के खिलाफ जड़ा था.”
ये स्पेशल लम्हा भारतीय बैटिंग पारी के 33वें ओवर में आया. साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन की पहली गेंद पर विराट कोहली क्रीज छोड़कर आगे बढ़े और लॉंग ऑन की दिशा में शानदार छक्का लगाया. ये शॉट देखकर फैंस की पुरानी यादें फिर से ताजा हो गई.
कोहली ने फिर जड़ा करिश्माई छक्का
मार्को यानसेन की गेंद पर विराट कोहली का ये सिक्स देख फैंस को टी20 वर्ल्ड कप 2022 का वो मैच याद आ गया जब विराट कोहली ने अकेले अपने दम पर पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली थी. मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में जब भारत को 8 गेंदों पर 28 रनों की दरकार थी, तब कोहली ने हारिस हारिस रऊफ की गेंद पर बैक फुट से लॉंग ऑन की दिशा में झन्नाटेदार छक्का लगाया था. अब तीन साल बाद उन्होंने उसी अंदाज में अफ्रीकी पेसर मार्को यानसेन के खिलाफ सिक्स लगाकर करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया.
IND vs SA: साउथ अफ्रीका के सामने 359 रनों का लक्ष्य
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है. रायपुर में खेले जा रहे मैच में ऋतुराज गायकवाड़ और विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ा. गायकवाड़ ने 105 रन और कोहली ने 102 रनों की पारी खेली. दोनों के बीच 156 गेंदों पर 195 रनों की शानदार पार्टनरशिप हुई. अंतिम ओवरों में कप्तान केएल राहुल ने रन गति बढ़ाने की जिम्मेदारी ली और बैक टू बैक दूसरा अर्धशतक जड़ा.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली ने तोड़ दिया सचिन का एक और धांसू रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका को 26वीं बार दिया ये जख्म