Last Updated:
Virat Kohli IND vs SA: भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और बुधवार को रायपुर में तीन मैच की सीरीज के दूसरे वनडे में प्रोटियाज के खिलाफ लगातार दूसरा शतक जड़कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया. रांची में पहले वनडे में 120 गेंदों पर 11 चौके और सात छक्के की मदद से 135 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद विराट ने दूसरे वनडे में 93 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के की मदद से 102 रन बनाए.
रायपुर: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में लगातार दूसरा शतक और कुल 84वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया, जिससे साबित होता है कि वह दुनिया के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं, भले ही दो फॉर्मेट संन्यास लेने के बाद वह सिर्फ एक ही प्रारूप में खेलते हों.

दक्षिण अफ्रीका के भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिए जाने के बाद विराट कोहली ने 93 गेंद में 102 रन बनाए और रुतुराज गायकवाड़ (83 गेंद में 105 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी की. ये गायकवाड़ का पहला वनडे शतक था.

37 साल के विराट कोहली टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं. उन्होंने रांची में श्रृंखला के पहले मैच में 120 गेंदों में 135 रन बनाए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विराट ने अपनी पारी के दौरान सात चौके और दो छक्के लगाए और वह अपना 53वां वनडे शतक बनाने के दौरान शानदार फॉर्म में दिखे, जिससे शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दर्शक खुशी से झूम उठे.

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए कोहली एक बार फिर जल्दी आए और दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर ऐसे हावी हो गए जो सिर्फ वही कर सकते हैं.

विराट ने प्रोटियाज के खिलाफ 33 मैचों और 31 पारियों में 69.64 की औसत और 88.51 के स्ट्राइक रेट से 1,741 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं. यह वनडे प्रारूप में प्रोटियाज के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सर्वाधिक शतक है.

वनडे में लगातार दूसरे शतक के साथ यह 11वां मौका है, जब विराट ने लगातार दो या उससे ज्यादा वनडे पारियों में सेंचुरी का सिलसिला बनाया है. साउथ अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स छह बार ऐसा कर चुके हैं और उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी हैं.

विराट कोहली ने अब वनडे में लगातार तीन या उससे ज्यादा पारियों में 50+ रन बनाने के अपने पुराने रिकॉर्ड को और मजबूत कर लिया है. रोहित शर्मा 11 बार ऐसा कारनामा कर चुके हैं.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली की पिछली तीन वनडे पारी- विश्व कप 2023 कोलकाता में 101* रन और इस सीरीज में दो शतक.