उज्जैन के देवास गेट थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने खुलासा किया तो सब हैरान रह गए। लूट करने वाला कोई और नहीं बुजुर्ग महिला का भाई निकला जो महिला के साथ बैंक से रुपए निकालने के लिए पहुंचा था।
.
थाना देवासगेट, उज्जैन में दो दिन पहले सोमवार को 65 वर्षीय संपत बाई गेहलोत ने एसबीआई बैंक दरगाह मंडी से 4 लाख रुपए निकालने के बाद उसमे से 3.50 लाख रुपए अपने भाई देवीलाल को दे दिए और 50 हजार स्वयं के पास रखकर पैदल घर जा रही थीं। लगभग 12:30 बजे स्मार्ट रोड से कोयला फाटक जाने वाले मार्ग पर एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया, और बहाने से उन्हें नजदीकी मंदिर पर ले गया। वहां उस व्यक्ति द्वारा महिला के पास रखे 50 हजार जबरन छीन लिए गए और आरोपी झाड़ियों की तरफ भाग गया। इस दौरान बुजुर्ग महिला ने आरोपी का पीछा किया जिससे वो गिरकर गंभीर घायल हो गईं।
घायल अवस्था में थाने पहुंचकर महिला लूट की घटना बताई। गंभीर चोट होने से उन्हें पुलिस द्वारा तत्काल चिकित्सा उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया और रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी हीरा मील के आसपास घूम रहा है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी में लेकर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवीलाल दमामी, उम्र 57 वर्ष, निवासी मंगलनगर, आगर रोड, उज्जैन का होना बताया। चौंकाने वाली बात यह थी कि आरोपी फरियादिया का भाई ही निकला, जिसने विश्वासघात कर उनसे लूट की घटना की थी। पूछताछ करने पर आरोपी के कब्जे से महिला से छीने गए 50 हजार और महिला द्वारा स्वयं दिए गए 3.50लाख रुपए सहित कुल 4 लाख पुलिस द्वारा आरोपी के घर से बरामद किए गए।