Last Updated:
Virat Kohli RohIt Sharma Gautam Gambhir: विराट कोहली अपने पिछले चार मैच में दो शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं जबकि रोहित शर्मा अपने पिछले चार मैच में एक शतक और दो अर्धशतक ठोकते हुए प्रचंड फॉर्म का संकेत दे चुके हैं. अगर दोनों उम्र को धत्ता बताने वाला बल्लेबाजी प्रदर्शन जारी रखते हैं तो अपने करियर को 2027 के वनडे विश्व कप तक बढ़ा सकते हैं. ‘रो-को’ की चाहत भारतीय सरजमीं पर आखिरी वर्ल्ड कप जीतकर करियर खत्म करने की है.
दुबई: भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली जिस प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं, उसे देखकर नहीं लगता कि दुनिया की कोई ताकत उन्हें 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलने से नहीं रोक सकती. साउथ अफ्रीका के खिलाफ विराट ने बीती रात 93 गेंदों में 102 रन बनाए. ये वनडे सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक था. कोहली ने साबित कर दिया कि क्यों उन्हें ‘किंग’ कहा जाता है. वनडे क्रिकेट में ये 11वां मौका था, जब विराट ने बैक टू बैक सेंचुरी ठोकी हो.
गंभीर-अगरकर की प्लानिंग में पानी फेर रहे रोहित-विराट
ऐसा माना जाता है कि भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा को नहीं देखना चाहते, लेकिन विराट-रोहित जिस अंदाज में बैटिंग कर रहे हैं, उसे देखकर दोनों को इग्नोर करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है. 2027 वर्ल्ड कप में दोनों बल्लेबाज लगभग 39 साल के होंगे इसलिए उनके भविष्य को लेकर चर्चा लगातार जारी है. दोनों ने ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. विराट के साथ-साथ रोहित ने भी पिछले तीन मैच में एक शतक और एक अर्धशतक के साथ अपनी बेहतरीन फॉर्म दिखाई है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली
रोहित-विराट ने कुल कितने वनडे वर्ल्ड कप खेले हैं?
कोहली मॉर्डन एरा के सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज हैं. रांची में उन्होंने 11 चौके और सात छक्के की मदद से 120 गेंदों में 135 रन बनाए थे जबकि रायपुर में उन्होंने 93 गेंदों में सात चौके और दो छक्के की मदद से 102 रन बनाए. रोहित शर्मा ने अपने पिछले चार वनडे में 73, 121*, 57 और 14 का स्कोर खड़ा किया है. दोनों के पास कुल चार वनडे वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव है. रोहित ने 2015, 2019 और 2023 के विश्व कप में भारतीय जर्सी पहनी थी तो विराट 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे, जिसके फाइनल में गौतम गंभीर ने 97 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी.
विराट कोहली, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर
रोहित-विराट के बिना कमजोर लगती है टीम इंडिया
भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 25 साल में पहली बार अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास ने भारतीय क्रिकेट में बदलाव के दौर की प्रक्रिया को तेज कर दिया है. रोहित-विराट सिर्फ मौजूदा भारतीय टीम में ही नहीं बल्कि विरोधी दल को मिलाकर भी सबसे शानदार लय में चल रहे बल्लेबाज लगते हैं. सुनील गावस्कर ने तो यहां तक कह दिया कि रोहित-विराट को टीम इंडिया की नहीं बल्कि टीम इंडिया को 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए इन दो दिग्गजों की जरूरत है.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें