कलेक्टर ने बैठक में बनाए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के सख्त प्लान।
रणजीत अष्टमी पर यानी 12 दिसंबर को रणजीत हनुमान मंदिर से विशाल प्रभातफेरी निकलेगी। इसे लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों और मंदिर के पुजारियों के साथ मीटिंग की। जिसमें कई बातों पर डिस्कशन हुआ। इसमे
.
9 दिसंबर से इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत होगी। 12 दिसंबर को मंदिर से सुबह 5 बजे विशाल प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इस प्रभातफेरी में लाखों भक्त शामिल होते हैं। बाबा रणजीत विशेष स्वर्ण रथ में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इस आयोजन को लेकर सभी तैयारियां भी पूरी हो चुकी है। कलेक्टर ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि आयोजन के दौरान ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े। श्रद्धालुओं को सभी तरह ही सुविधाएं रहें। सुरक्षा के भी पूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। मीटिंग में तय किया गया है कि प्रभातफेरी के रास्ते में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
शराब पीकर आने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रभातफेरी मार्ग पर किसी भी तरह के शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से प्रभातफेरी में निगरानी रखी जाएगी। एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही मुख्य मार्ग पर बेरिकेडिंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने आयोजन को लेकर की मीटिंग।
मंच के लिए लेना होगी अनुमति
मीटिंग में ये भी तय किया गया है कि प्रभातफेरी में जिन लोगों को मंच लगाना है, उसके लिए पुलिस से अनुमति लेना होगी। प्रभातफेरी मार्ग में लगने वाले मंच का साइज भी निर्धारित किया गया है। इसमें मंच की चौड़ाई अधिकतम 8 फीट रखना होगी। आवश्यकतानुसार विद्युत मंडल से विद्युत कनेक्शन लेना होगा।
बैठक में विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, मंच पर या आसपास किसी भी तरह के प्रसाद का निर्माण करने की अनुमति नहीं होगी। मंच से किसी भी प्रकार का गर्म प्रसाद बांटा नहीं जा सकेगा। मीटिंग में यह भी बताया गया कि प्रभातफेरी में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था रखी जाएगी। निर्धारित जगहों पर एम्बुलेंस भी तैनात रहेगी। साथ ही फायर ब्रिगेड की भी विशेष व्यवस्था रखी जाएगी।
श्रद्धालु अपनी गाड़ियां दशहरा मैदान, लालबाग, सराफा विद्या निकेतन स्कूल, फूटी कोठी आदि निर्धारित जगहों पर पार्क कर सकेंगे। प्रभातफेरी की व्यवस्थाओं में लगने वाले अधिकारियों और वॉलेटिंयरों को आईडी कार्ड भी दिए जाएंगे।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंदिर में बाबा रणजीत का आशीर्वाद भी लिया।
चार दिन होंगे ये आयोजन
मंदिर के पुजारी पं.दीपेश व्यास ने बताया कि रणजीत अष्टमी पर्व की शुरुआत 9 दिसंबर को कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण कर की जाएगी। इसके बाद 10 दिसंबर की शाम 7 बजे दीपोत्सव और फिर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
दीपोत्सव के तहत मंदिर परिसर में 51 हजार दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे, जो भक्त अपने घरों से लाएंगे। 11 दिसंबर को रथ में विराजित होने वाले भगवान का विग्रह का महाभिषेक किया जाएगा और सवा लाख रक्षासूत्रों को सिद्ध किया जाएगा। जिसका वितरण प्रभातफेरी के बाद किया जाएगा। 12 दिसंबर को सुबह 5 बजे बाबा रणजीत स्वर्ण रथ में सवार होकर भक्तों को आशीष देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
पं.व्यास ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। रणजीत अष्टमी को भव्य स्वरूप में मनाने के लिए मंदिर में तैयारियां की जा रही है। हजारों किलो फूलों से फूल बंगला भी सजाया जाएगा। वहां चारों दिन मंदिर की फूलों से भव्य सजावट की जाएगी। कलेक्टर ने मंदिर में दर्शन और पूजन भी किया।