India vs South Africa: टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में 4 विकेट से दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा है. भारतीय टीम 359 रन का विशाल टारगेट देने के बावजूद साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर के मैदान पर दूसरा वनडे मैच हार गई. टीम इंडिया की इस हार के लिए जितने गेंदबाज जिम्मेदार हैं, उतने ही उसके लोअर ऑर्डर के बल्लेबाज भी जिम्मेदार हैं.
आखिरी 11 ओवर में बने सिर्फ 74 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने एक वक्त पर 39 ओवर में 3 विकेट पर 284 रन बना लिए थे. भारतीय टीम के पास यहां से 400 रन का आंकड़ा छूने का मौका था, लेकिन उसने आखिरी 11 ओवरों में धीमी बल्लेबाजी की. टीम इंडिया के बल्लेबाज आखिरी 11 ओवरों में सिर्फ 74 रन ही बना पाए. अंत में टीम इंडिया का स्कोर 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन रहा. टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 359 रनों का टारगेट रखा. जवाब में साउथ अफ्रीका ने 49.2 ओवर में 6 विकेट पर 362 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया. साउथ अफ्रीका ने दूसरा वनडे मैच 4 विकेट से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली.
ये क्रिकेटर बना हार का कारण
टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा लोअर ऑर्डर में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को दूसरे वनडे मैच के दौरान रायपुर की फ्लैट पिच पर रवींद्र जडेजा ने जिस तरह की धीमी बल्लेबाजी की, उसकी किसी ने भी उम्मीद नहीं की थी. रवींद्र जडेजा नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने 88.89 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 27 गेंद पर 22 रन बनाए. रवींद्र जडेजा के बल्ले से इस दौरान 2 चौके निकले थे.
टीम इंडिया की डुबो दी लुटिया
रवींद्र जडेजा को मैच के आखिरी ओवरों में 27 गेंद पर कम से कम 40 से 45 रन बनाने चाहिए थे, जिससे भारत को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचने में मदद मिलती. रवींद्र जडेजा की इसी नाकामी की वजह से भारत कम से कम 20 से 25 रन पीछे रह गया. अगर ये 20 से 25 रन भारत ने बना लिए होते तो रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में उसकी जीत होती. तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत 2-0 से आगे होता, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. मैच के बाद खुद कप्तान केएल राहुल ने कहा, ‘मुझे पता है कि 350 का स्कोर अच्छा था, लेकिन पिछले मैच के बाद भी ड्रेसिंग रूम में यही बात चल रही थी कि हम गीली गेंद से गेंदबाजों को राहत देने के लिए अतिरिक्त 20-25 रन कैसे बना सकते हैं. लोअर ऑर्डर के बल्लेबाज अधिक योगदान दे सकते थे.’