Last Updated:
MP Vidhan Sabha News: मध्य प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पर जमकर चर्चा हुई. इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश सखलेचा और कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत के बीच तीखी बहस हुई. जानें क्या उठे मुद्दे…
MP Vidhan Sabha News: मध्य प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच जमकर बयानबाजी हुई. प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा की गैरमौजूदगी में पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश सखलेचा ने सरकार का पक्ष रखा, तो कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने मोर्चा संभाला. सदन में कर्ज, लाडली बहना योजना, विधायक निधि और विकास कार्यों पर तीखी बहस हुई.
विवाद से विकास नहीं होता…
ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, “हमने लाडली बहना, किसान, आवास और सिंचाई पर फोकस किया है. नर्मदा का पानी 1978 में बंटा, 2006 तक किसी ने चिंता नहीं की. 2007 के बाद हमने काम किया, आज खेतों में उसका असर दिख रहा है. मैंने वो दिन देखे हैं जब गांवों में बिजली-सड़क नहीं थी, अब तस्वीर बदल गई हैं. इस साल को उद्योग वर्ष घोषित किया गया है. 227 करोड़ से ज्यादा का बजट रोजगार के लिए रखा गया है. भावांतर के लिए 500 करोड़ का प्रावधान है. भू-अभिलेख के डिजिटलीकरण के लिए बड़ा बजट है. विवाद से विकास नहीं होता.”
‘लाडली बहना वोट खरीदने का नया फॉर्मूला…’
बदनावर कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने सखलेचा पर पलटवार करते हुए कहा,
“साढ़े चार लाख करोड़ का कर्ज हो गया. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा हाथ की कठपुतली हैं, पैसा उनसे ले लिया जाता है, गाली बाहर वो खाते हैं. कर्ज का 60% ब्याज में जा रहा है. योजनाओं के लिए पैसा नहीं है. मुफ्त की योजनाओं का विरोध नहीं, लेकिन यह आपकी बीमारी पूरे देश में फैल गई. लाडली बहना वोट खरीदने का नया फॉर्मूला है. नकद योजनाएं रिश्वत हैं. घोटाले पर घोटाले सामने आ रहे हैं. सरकार कहती है आंख बंद करके सड़क पर गाड़ी चला लो, सड़कों की हालत नहीं पता. जनता और विपक्ष को निपटाना चाहते हैं.”
विधायक निधि पर भी निशाना साधा
भंवर सिंह शेखावत ने कहा, “कांग्रेस के 15 विधायकों को 15 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, जबकि भाजपा विधायकों को दे दिए. यह विसंगति क्यों? 5 करोड़ देने की बात थी, भाजपा विधायक 15 करोड़ लेकर ‘गब्बर सिंह’ हो गए. विधायकों का वेतन बढ़ाओ या न बढ़ाओ, लेकिन विकास निधि जरूर बढ़ाओ.”
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें