Last Updated:
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमन लांबा को साल 1998 में एक लीग मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए चोट लगी थी, जिसके बाद वह कोमा में चले गए थे. चोट इतनी गंभीर थी कि उनके सिर में खून जम गया था और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. रमन भारत के लिए 4 टेस्ट और 32 वनडे मैचों में मैदान पर उतरे.
नई दिल्ली: कहते हैं सावधानी हटी दुर्घटना घटी, ये बात हर जगह लागू होती है. चाहे आप सड़क पर गाड़ी चला रहे हों या फिर कोई भी काम कर रहे हों. कभी-कभी एक एक छोटी सी चूक आपकी जान पर बन आती है. ऐसा ही खेल के मैदान पर भी होता है. अलग-अलग खेलों में कई ऐसी दुर्घटनाएं हुईं हैं जब खिलाड़ियों ने अपनी जान गंवाई. इसमें क्रिकेट भी शामिल है. साल 2014 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिल ह्यूज की मौत को भला कौन भूल सकता है. ऐसे ही एक भारतीय क्रिकेटर रमन लांबा थे, जिनकी मैच के दौरान सिर पर गेंद लगने के बाद मौत हो गई थी.
घटना साल 1998 की है जब रमन लांबा लीग टूर्नामेंट में खेलने के लिए बांग्लादेश गए हुए थे. रमन लांबा लीग में अबहानी क्रीड़ा की टीम की ओर से खेल रहे थे और मैच मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के खिलाफ था. मैच में रमन लांबा फॉर्वड शॉट लेग पर फील्डिंग कर रहे थे. इसी दौरान बल्लेबाज मेहराब हुसैन ने एक कड़क शॉट खेला जो सीधे उनके सिर पर जाकर लग गई. चोट इतनी गंभीर की थी कि गेंद लगते ही वो मुर्छित होकर नीचे गिर गए.
रमन लंबा ने नहीं मानी थी कप्तान की बात
माना जाता है कि मैच में अबहानी के कप्तान खालिद मसूद ने लांबा से हेलमेट पहनने को कहा था, लेकिन उन्होंने अपने कप्तान की बात नहीं मानी. दरअसल रमन जब फॉर्वड शॉट लेग में फील्डिंग के लिए खड़े हुए थे उस समय तक ओवर में तीन गेंद डाली जा चुकी थी. ऐसे में रमन लांबा को लगा तीन गेंद के लिए क्या हेलमेट पहना जाए. रमन की इसी लापरवाही ने उनकी जान ले ली.
रमन लांबा को जब गेंद लगी तो शुरुआत में ऐसा लगा कि चोट गंभीर नहीं है, लेकिन बाद में वह कोमा में चले गए. चोट के कारण उनके सिर में खून जम गया था. आनन-फानन में दिल्ली से एक न्यूरोसर्जन डॉक्टर को भी बुलाया गया, लेकिन होनहार भारतीय क्रिकेटर को बचाया नहीं जा सका. रमन लांबा की 23 फरवरी 1998 में मौत गई.
कैसा रहा रमन लांबा का करियर
रमन लांबा भारत के होनहार क्रिकेटर में से एक थे. हालांकि, आकस्मिक निधन के कारण वह टीम इंडिया के लिए 4 टेस्ट और 32 वनडे मैचों में मैदान पर उतर पाए. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 102 रन बनाए. वहीं वनडे की बात करें उनके नाम 783 रन दर्ज है. वनडे में उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए. घरेलू क्रिकेट की बात करें तो रमन लांबा ने 121 फर्स्ट क्लास मैच में 8776 रन बनाए जबकि लिस्ट ए में उनके नाम 2543 रन दर्ज है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें