पुलिस ने तीन साल बाद धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नीमच की रामपुरा पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी को अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 6 लाख 11 हजार 351 रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। यह कार्रवाई फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई
.
अहमदाबाद की फर्म ‘धनलक्ष्मी कैनवास’ ने की धोखाधड़ी
रामपुरा थाना प्रभारी विजय सागरिया की टीम ने आरोपी को पकड़ा। मामला रामपुरा निवासी प्रकाशचंद घोटा ग्रीन मर्चेंट कमीशन की शिकायत से जुड़ा है। प्रकाशचंद के साथ अहमदाबाद की फर्म ‘धनलक्ष्मी कैनवास’ ने मोबाइल के जरिए 254.20 क्विंटल गेहूं 2405 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा था।
इसके बाद फर्म ने 6,11,351 रुपए की धोखाधड़ी की। इस संबंध में रामपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
तीन साल बाद पकड़ाया आरोपी
पुलिस टीम ने क्राइम ब्रांच गुजरात और साइबर सेल नीमच की मदद से मुख्य आरोपी राकेश पिता किरोडिलाल शर्मा (49) को गिरफ्तार किया। राकेश अहमदाबाद के योगेश्वर रेसीडेंसी, आरटीओ रोड, वस्त्राल का निवासी है।
इस मामले में पहले चेतन पिता कन्हैयालाल दामवानी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर शनिवार शाम को रामपुरा लाया गया।