ICC Player of The Month Award: भारत की ऐतिहासिक महिला वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाली शेफाली वर्मा को बड़ा अवॉर्ड मिल सकता है. इंटरनेशल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा हर महीने दिए जाने वाले आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए उन्हें शॉर्टलिस्ट किया गया है. शेफाली के साथ यूएई की ईशा ओजा और थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को भी नामित किया गया है. शेफाली वर्मा को यह पुरस्कार मिलने की संभावना ज्यादा है. ईशा और थिपाचा गेंदबाज हैं. वहीं, शेफाली बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाती हैं.
प्रतिका के चोटिल होने के बाद मिला मौका
शेफाली वर्मा वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थीं. सेमीफाइनल से पहले प्रतिका रावल की इंजरी की वजह से उन्हें सेमीफाइनल और फाइनल के लिए टीम में जगह दी गई. सेमीफाइनल में शेफाली का बल्ला नहीं चला, लेकिन फाइनल में उन्होंने यादगार पारी खेली और भारत को चैंपियन बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 नवंबर को हुए फाइनल मुकाबले में शेफाली ने भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत करते हुए 78 गेंदों पर 87 रन की विस्फोटक पारी खेली.
फाइनल में बनी थीं प्लेयर ऑफ द मैच
शेफाली ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में कमाल दिखाय. उन्होंने 2 विकेट झटकते हुए टीम को चैंपियन बनाया. फाइनल में यादगार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने की वजह से शेफाली को नवंबर महीने के आईसीसी के ‘श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी’ के पुरस्कार का दावेदार माना जा रहा है. फाइनल में शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
ये भी पढ़ें: क्या है IPL Auction के लिए मुंबई इंडियंस का प्लान? कोच ने कर दिया बड़ा खुलासा, ये खिलाड़ी होंगे मालामाल
थिपाचा और ईशा का ऐसा है रिकॉर्ड
थाई स्पिनर थिपाचा ने आईसीसी विमेन इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी जीती। इसमें 15 विकेट लेकर वह टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज थीं. फाइनल में स्कॉटलैंड के खिलाफ 4.25 की इकॉनमी से उन्होंने चार विकेट लिए थे. यूएई की ऑल-राउंडर ईशा ने आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के दौरान सात टी20 मैचों में 187 रन बनाए और 7 विकेट लिए. ईशा ने नामीबिया के खिलाफ आखिरी मैच में 68 रन बनाने के साथ ही 2 विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.