सिंगरौली में चार बीज दुकानों के लाइसेंस रद्द: अमानक बीज मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई; बोले- बीज लेते समय प्रमाणन देखें – Singrauli News

सिंगरौली में चार बीज दुकानों के लाइसेंस रद्द:  अमानक बीज मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई; बोले- बीज लेते समय प्रमाणन देखें – Singrauli News



सिंगरौली जिले में अमानक बीज बेचने वाले चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर की गई, जब जांच में बीज के नमूने अमानक पाए गए।

.

प्रशासनिक टीम की ओर से खाद और बीज विक्रय प्रतिष्ठानों पर चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के तहत, इन दुकानों से बीज के नमूने लेकर लैब भेजे गए थे। टेस्ट रिपोर्ट में चार नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

जिन दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, उनमें मेसर्स शाहवाल बीज भंडार खुटार, मेसर्स शाहू बीज भंडार बैढ़न, मेसर्स हैदराबाद बीज भंडार बैढ़न और श्याम बीज भंडार टूसाखांड बैढ़न शामिल हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। विभाग ने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कृषि अधिकारी बोले- अमानक बीज बेचने पर दुकानदारों पर होगी कार्रवाई

कृषि विस्तार अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि अमानक बीज किसानों की फसल उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर निम्न गुणवत्ता वाले बीज बेचते पाए गए, तो उनके खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

किसानों को सलाह दी गई है कि बीज खरीदते समय पैक पर बैच नंबर, मेन्यूफेक्चरिंग डेट और प्रमाणन चिह्न की जांच अवश्य करें। विभाग ने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि बीज गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली मजबूत बनी रहे।



Source link