शुभम मरमट / उज्जैन. हिंदू धर्म और वास्तु शास्त्र में पेड़-पौधों को केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि ऊर्जा के स्रोत माना गया है. ऐसा कहा जाता है कि कुछ विशेष पौधे अपने आस-पास सकारात्मक तरंगें उत्पन्न करते हैं, जिससे मन शांत होता है, तनाव कम होता है और घर का वातावरण पवित्र बना रहता है.
उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, अगर व्यक्ति सुबह उठते ही शुभ और सकरात्मकता ऊर्जा देने वाले पौधों को देखें, तो पूरे दिन उत्साह, सौभाग्य और मानसिक शांति बनी रहती है. यह पौधे न सिर्फ वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आपके जीवन में नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं. आइए जानते है किन पौधों के दर्शन शुभ होते हैं.
सुबह उठते ही करें इन पौधों के दर्शन
1. तुलसी के पौधे को घर की देवी का स्वरूप माना गया है. मान्यता है कि सुबह स्नान के बाद तुलसी के समीप जाकर उसे जल अर्पित करना और उसके दर्शन करना अत्यंत शुभ फल देता है. वास्तु के मुताबिक, यह कर्म व्यक्ति के जीवन में सौभाग्य लाता है और घर-परिवार में शांति व समृद्धि बनाए रखता है.
2. धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टि से भी आंवला अत्यंत शुभ फल वाला वृक्ष माना गया है. ऐसा कहा जाता है कि सुबह आंवले के पेड़ के दर्शन करने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. आंवला सेवन करने से शरीर मजबूत होता है और कई बीमारियों से रक्षा मिलती है.
3. अशोक का वृक्ष पुराणों में सौभाग्य लाने वाला बताया गया है. यदि घर के पास अशोक का पेड़ स्थित हो, तो सुबह उसके दर्शन करना शुभ फलदायी माना जाता है. मान्यता है कि जहां यह वृक्ष होता है, वहां जीवन की रुकावटें कम होती हैं और घर का वातावरण शांत और संतुलित बना रहता है.
4. बेल का वृक्ष भगवान शिव का पावन प्रतीक माना गया है. कहा जाता है कि सुबह-सुबह बेल के पेड़ के दर्शन करने से नकारात्मकता मन से दूर होती है और मानसिक शक्ति बढ़ती है. क्योंकि बेलपत्र शिवजी का अत्यंत प्रिय होता है, इसलिए इसका दर्शन आध्यात्मिक उर्जा प्रदान करता है.