Last Updated:
Australia vs England 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है. दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज छाए रहे. कप्तान स्टीव स्मिथ से लेकर ओपनर जैक वेदरल्ड और मार्नस लाबुशेन ने शानदार अर्धशतक जड़े वहीं विकेटकीपर एलेक्स कैरी पचासा के करीब हैं. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 44 रन की बढ़त प्राप्त है जबकि तीसरे दिन ये बढ़त और ज्यादा हो सकती है.
नई दिल्ली. जैक वेदरल्ड, मार्नस लाबुशेन और और स्टीव स्मिथ के अर्धशतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड पर 44 रन की बढ़त ले ली. एशेज सीरीज के तहत खेली जा रही पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के नाम रहा. ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिलाने में इंग्लैंड के फील्डर्स का भी अहम रोल रहा जिन्होंने एक या दो नहीं पूरे पांच कैच छोड़ दिए जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है. मेहमान इंग्लैंड की ओर से खराब गेंदबाजी भी की गई. जिसका ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने जमकर फायदा उठाया.
ब्रिस्बेन के गाबा में जारी पिंक बॉल टेस्ट मैच के दूसरे दिन ओपनर जैक वेदरल्ड ने ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने 72 गेंद में 78 रन बनाए. जबकि मार्नस लाबुशेन (65) ने लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया. कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने 61 रन बनाए. गाबा की पिच में कुछ असमान उछाल के बावजूद दिन में बल्लेबाजों का दबदबा रहा. इंग्लैंड के फील्डर्स ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी का दो बार कैच छोड़ा. एक बार जब उन्होंने खाता भी नहीं खोला था और फिर 25 रन पर उनका कैच छूटा जिससे वह स्टंप तक 45 गेंद में 46 रन बनाकर खेल रहे हैं. माइकल नेसर को भी एक जीवनदान मिला जिससे वह सातवें विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी में 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.
ऑस्ट्रेलिया को दूसरे दिन मिली 44 रन की बढ़त.
रूट 138 रन बनाकर आउट हुए
पर्थ में सीरीज का पहला मैच दूसरे ही दिन खत्म हो गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट से जीत हासिल की थी. लेकिन ब्रिस्बेन में डे नाइट टेस्ट लंबा चलता दिख रहा है. इंग्लैंड ने दूसरे दिन सुबह नौ विकेट पर 325 रन से आगे खेलना शुरू किया. लेकिन 11वें नंबर के खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर (38 रन) के आउट होने से पहले स्कोर में 14 गेंद में नौ रन और जोड़े. टेस्ट क्रिकेट में शीर्ष रैंकिंग के बल्लेबाज रूट ने 135 रन से खेलना शुरू किया लेकिन जब आखिरी विकेट के लिए 70 रन की भागीदारी खत्म हुई तो वह 138 रन बनाकर नाबाद रहे जो ऑस्ट्रेलिया में उनका पहला एशेज शतक है.
पहले टेस्ट के शतकवीर हेड 33 रन बनाकर आउट हुए
पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत के नायक रहे ट्रेविस हेड ने नौवें ओवर में विकेटकीपर जेमी स्मिथ द्वारा आर्चर की गेंद पर तीन रन पर कैच छूटने के बाद 30 रन और जोड़े. लेकिन ब्रायडन कार्स की गेंद पर जल्दबाजी में शॉट खेलने के कारण हेड (33 रन) गस एटकिंसन के हाथों लपके गए जिससे पहले विकेट के लिए 77 रन की भागीदारी समाप्त हुई. वेदरल्ड ने आसानी से रन जुटाते हुए 45 गेंद में 50 रन बना दिए और 72 रन पर आर्चर की फुल लेंथ गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
बार्मी आर्मी ने की वेदरलैंड की हूटिंग की
वेदरल्ड अंपायर की तरफ बिना देखे पवेलियन लौट गए जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 146 रन हो गया. स्मिथ के क्रीज पर आने पर ‘बार्मी आर्मी’ ने उनकी हूटिंग की. उन्होंने तीसरे विकेट के लिए लाबुशेन के साथ 50 रन की साझेदारी कर ली थी और दोनों बिना किसी परेशानी के खेल रहे थे. स्टोक्स ने लाबुशेन का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ दी. ऑस्ट्रेलिया ने आराम से खेलते हुए तीन विकेट पर 291 रन बना लिए थे. लेकिन तभी कार्स ने चार गेंद में दो विकेट ले लिए. उन्होंने कैमरन ग्रीन (45 रन) को बोल्ड कर चौथे विकेट की 95 रन की भागीदारी समाप्त की.
एलेक्स कैरी को दो बार जीवनदान मिला
इसके बाद कार्स की अगली ही गेंद पर कैरी (46 रन) को गली में बेन डकेट के आसान कैच छोड़ने से जीवनदान मिला. दो गेंद बाद स्मिथ ने कार्स की गेंद को पुल किया और विल जैक्स ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर पर एक हाथ से कैच लपक लिया जिससे अचानक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 292 रन हो गया. कैरी और जोश इंग्लिस (23 रन) ने छठे विकेट के लिए 37 रन जोड़े और ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड की पहली पारी के 334 रन के करीब पहुंचाया. डकेट ने फिर बेन स्टोक्स की गेंद पर इंग्लिस का एक और कैच छोड़ दिया. लेकिन इंग्लैंड के कप्तान ने दो गेंद बाद एक कटर गेंद पर इंग्लिस को बोल्ड कर दिया. फिर कार्स ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर माइकल नेसर का कैच छोड़ दिया जब वह महज छह रन पर थे. आर्चर ने 20 ओवर में 74 रन देकर एक विकेट लिया। स्टोक्स ने 17 ओवर में 93 रन देकर दो विकेट जबकि कार्स ने 113 रन देकर तीन विकेट लिए. मैच का तीसरा दिन बेहद अहम रहने वाला है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें