India vs South Africa: साउथ अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा का नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाएगा. भारत के खिलाफ विशाखापत्तनम में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में 13 रन बनाकर तेम्बा बावुमा इतिहास रच देंगे. बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे मैच विशाखापत्तनम के ACA-VDCA मैदान पर शनिवार को खेला जाना है. सीरीज 1-1 से बराबर है. आखिरी मुकाबला निर्णायक होगा.
रिकॉर्ड बुक में दर्ज होगा तेम्बा बावुमा का नाम
इस मैच में साउथ अफ्रीका के कप्तान वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे कर सकते हैं. भारत दौरे पर सफलता की नई कहानी लिख रहे साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा तीसरे वनडे में 2,000 रन का आंकड़ा छू सकते हैं. तेम्बा बावुमा को इसके लिए 13 रन की जरूरत है. तेम्बा बावुमा ऐसा करने वाले साउथ अफ्रीका के 22वें बल्लेबाज होंगे. तेम्बा बावुमा शायद इस आंकड़े को छू चुके होते अगर वह रांची में खेले गए पहले वनडे का हिस्सा होते. दूसरे वनडे में 46 रन की अहम पारी खेलने वाले तेम्बा बावुमा ने इस फॉर्मेट में अपने करियर की शुरुआत 2016 में की थी.
इतिहास रच देंगे साउथ अफ्रीकी कप्तान
इंजरी से प्रभावित करियर में अब तक खेले 54 मैचों की 52 पारियों में 5 शतक और 8 अर्धशतक की सहायता से तेम्बा बावुमा 1,987 रन बना चुके हैं. उनका औसत 42.27 रहा है. साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत में सिर्फ 1 ही बार वनडे सीरीज जीती है. 2015-16 में 5 वनडे मैचों की सीरीज साउथ अफ्रीका ने 2-3 से जीती थी. उस सीरीज में साउथ अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स थे.
बावुमा के पास डिविलियर्स की बराबरी करने का मौका
तेम्बा बावुमा के पास डिविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए भारत में वनडे सीरीज जीतने वाले दूसरे साउथ अफ्रीकी कप्तान बनने का मौका है. वनडे सीरीज से पहले 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी. तेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीका ने सीरीज 0-2 से जीती थी. 2000 के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब साउथ अफ्रीका ने भारत का टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ किया. ऐसे में साउथ अफ्रीका से तीसरे वनडे में भारतीय टीम को सावधान रहना होगा. बावुमा एंड कंपनी तीसरे वनडे को जीतकर 2015-16 की उपलब्धि को फिर से दोहराना चाहेगी.