नई दिल्ली. निसान ने अपनी नई कॉम्पैक्ट एसयूवी ‘काइट’ (Nissan Kiat) को 3 दिसंबर को ग्लोबली पेश किया है. काइट को निसान की एंट्री-लेवल एसयूवी के तौर पर लॉन्च किया गया है और यह ब्राजील में ‘किक्स प्ले’ की जगह लेगी. यह एसयूवी लेटेस्ट जनरेशन किक्स और पॉपुलर मैग्नाइट के साथ मिलकर कंपनी की रणनीतिक भूमिका निभाएगी. काइट का निर्माण निसान के रेसेंडे इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स, ब्राजील में किया जाएगा. कंपनी 2026 से इस मॉडल को 20 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट करने की योजना बना रही है, जिससे दक्षिण अमेरिका और अन्य बाजारों में इसकी पकड़ मजबूत होगी.
एक्सटीरियर और डायमेंशन्स
काइट का बेस प्लेटफॉर्म पहले की किक्स जैसा है, लेकिन इसका डिजाइन ज्यादा स्ट्रेट और शार्प है, जिससे इसका लुक और आकर्षक हो गया है. इसमें स्प्लिट एलईडी हेडलैंप्स, नए डिजाइन के डीआरएल, चौड़ी ग्रिल जिसमें हॉरिजॉन्टल स्लैट्स हैं और अपडेटेड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. साइड प्रोफाइल में राइजिंग बेल्टलाइन, रूफ रेल्स और हल्का स्लोपिंग रूफ बरकरार रखा गया है. पीछे की तरफ, निसान ने स्लिम एलईडी टेल-लैंप्स और टेलगेट पर ‘काइट’ की ब्रांडिंग दी है, जबकि नंबर प्लेट अब बम्पर पर लगी है. एसयूवी की लंबाई 4,304 मिमी है और इसमें 432 लीटर का बूट स्पेस मिलता है.
इंटीरियर और फीचर्स
इंटीरियर में काइट की एंट्री-लेवल पोजिशनिंग बरकरार है, लेकिन इसमें कई जरूरी अपग्रेड्स किए गए हैं. इसका ब्लैक केबिन लेआउट किक्स जैसा है, लेकिन इसमें नए डिजाइन के एयर वेंट्स, सिंपल गियर सिलेक्टर और 60:40 स्प्लिट रियर सीट्स दी गई हैं.
काइट के चार वेरिएंट्स होंगे
एक्टिव, सेंस प्लस, एडवांस प्लस और एक्सक्लूसिव. इसमें 7-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 9-इंच पायनियर टचस्क्रीन जिसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वायरलेस चार्जिंग, ऑटोमैटिक डिजिटल क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे. निसान इसमें पूरी ADAS फीचर रेंज भी देगा, जिससे यह अपने सेगमेंट की सबसे फीचर-रिच एसयूवी बन जाएगी.
पावरट्रेन
काइट में निसान का 1.6-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (या फ्लेक्स-फ्यूल) इंजन दिया गया है, जो CVT गियरबॉक्स के साथ आता है. पेट्रोल पर यह इंजन 110bhp और 146Nm का टॉर्क देता है, जबकि एथेनॉल पर आउटपुट थोड़ा ज्यादा होता है. कंपनी के मुताबिक, शहर में इसका माइलेज करीब 11kmpl रहेगा.ब्राजील में इसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये से शुरू होती है और 2026 से इसे दक्षिण अमेरिकी देशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा.