IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने टेस्ट सीरीज की हार का हिसाब कर लिया है. भारत ने 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज कर 2-1 से सीरीज अपने नाम की. रोहित शर्मा और विराट कोहली का जलवा देखने को मिला ही बल्कि यशस्वी जायसवाल ने भी बहती गंगा में हाथ धोए और शतक ठोका. वह तीनों फॉर्मेट के शतकवीर बन चुके हैं. वह ये कारनामा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने. अब फैंस के जहन में सवाल होगा कि क्या यशस्वी जायसवाल ये मुकाम हासिल करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं या नहीं क्योंकि उन्होंने महज 23 साल की उम्र में ये कमाल किया है.
नाबाद गए यशस्वी
यशस्वी जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट फॉर्मेट में अपनी जगह पक्की कर रखी है. टी20 फॉर्मेट में भी उनके नाम शतक है. अब वनडे में भी उन्होंने खुद को साबित कर दिया है. जायसवाल को वनडे में शुभमन गिल के इंजर्ड होने के बाद मौका मिला और उन्होंने मौके पर चौका लगाया. दो मैच में जायसवाल का बल्ला नहीं चला, लेकिन तीसरे मुकाबले में उन्होंने 116 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें 12 चौके और 2 छक्के देखने को मिले.
23 साल 343 दिन में हासिल किया मुकाम
23 साल 343 दिन में यशस्वी जायसवाल ने तीनों फॉर्मेट में शतक ठोकने का मुकाम हासिल किया. यशस्वी से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, सुरेश रैना, केएल राहुल ये कारनामा कर चुके हैं. सबसे कम उम्र में जिम्बाब्वे के ब्रेयान बेनेट ने ये मुकाम हासिल किया था. उन्होंने 21 साल 324 दिन में तीनों फॉर्मेट में शतक की उपलब्धि हासिल की थी. इसके बाद पाकिस्तान के अहमद शहजाद (22 साल 127 दिन), शुभमन गिल (23 साल 146 दिन) और सुरेश रैना ( 23 साल 241 दिन) का नाम आता है.
ये भी पढे़ं.. रोहित 18 साल से हो रहे फेल… अभिषेक ने 7 साल में कर दिखाया ये करिश्मा, सालभर में बनाया नया महारिकॉर्ड
भारत की 9 विकेट से जीत
टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को सीरीज में 2-1 से मात दी. रोहित शर्मा ने 75 रन की धमाकेदार पारी खेली जबकि विराट कोहली ने भी अर्धशतक ठोका. सीरीज में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली के रहे और उन्होंने 302 रन के साथ सीरीज पूरी की. दूसरी तरफ कप्तान शुभमन गिल फिट हो चुके हैं. शुभमन गिल की वापसी के बाद देखना होगा कि मैनेजमेंट वनडे में जायसवाल को कैसे फिट करते हैं.