मंडला जिले के बिछिया से विधायक नारायण सिंह पट्टा शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह घटना भोपाल-जबलपुर हाईवे पर रायसेन जिले के खोड़ी जमनिया गांव के पास हुई, जब गलत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, विधायक पट्टा और उनकी कार में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं। विधायक ने जानकारी दी कि वे भोपाल में विधानसभा के कार्य के बाद जबलपुर होते हुए अपने घर लौट रहे थे।
हादसे में विधायक को चोट नहीं आई
देवरी थाना प्रभारी जयदीप सिंह भदौरिया ने पुष्टि की कि हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई है और सभी लोग सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और विधायक से एक्सीडेंट की जानकारी ली।
टक्कर मारने वाली कार में शराब के नशे में थे लोग
विधायक नारायण सिंह पट्टा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने वाली कार में सवार सभी लोग अत्यधिक शराब के नशे में थे। विधायक ने जनता से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और न ही किसी को चलाने दें।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक तेंदूखेड़ा संजय शर्मा ने चंडीगढ़ में होने के बावजूद अपनी टीम भेजकर विधायक पट्टा को सहायता उपलब्ध कराई।