Last Updated:
India wins odi series by 2-1 vs South Africa: भारत ने अंतिम वनडे मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1से जीत ली. यशस्वी जायसवाल के शतक के बाद रहित शर्मा और विराट कोहली के अर्धशतक की मदद से भारत ने विशाखापत्तनम में खेले गए तीसरे वनडे को आसानी से जीत लिया.
नई दिल्ली. भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है. टीम इंडिया ने अंतिम वनडे मैच में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया. इसके साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीत ली. विराट कोहली ने विनिंग चौका जड़कर भारत का सीरीज दिला दी. भारत की ओर से गेंदबाजी में जहां कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार प्रदर्शन किए वहीं बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दमदार प्रदर्शन किया. भारत ने रांची में खेला गया पहला वनडे अपने नाम किया था वहीं रायपुर में खेला गया दूसरा वनडे साउथ अफ्रीका ने अपने नाम किया था. निर्णायक वनडे में भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की.
साउथ अफ्रीका की ओर से रखे गए 271 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 39.5 ओवर में रोहित शर्मा का विकेट गंंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. यशस्वी जायसवाल ने 121 गेंदों पर नाबाद 116 रन बनाए जिसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल थे वहीं रोहित शर्मा ने 73 गेंदों पर 75 रन बनाए. विराट कोहली 45 गेंदों पर नाबाद 65 रन की पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. कोहली ने छह चौके और तीन छक्के जड़े वहीं रोहित के बल्ले से सात चौके और तीन छक्के निकले.
रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे
रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 20000 रन पूरे कर लिए.रोहित इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बने. हिटमैन से पहले इस जादुई आंकड़े को सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ टच कर चुके हैं.
भारत ने साउथ अफ्रीका को अंतिम वनडे में नौ विकेट से हराकर 2-1 से सीरीज जीत ली.
डिकॉक के शतक से साउथ अफ्रीका ने बनाए 270 रन
इससे पहले, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा की शानदार गेंदबाजी से भारत ने क्विंटन डिकॉक की आक्रामक शतकीय पारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका को 47.5 ओवर में 270 रन पर आउट कर दिया. डिकॉक ने 89 गेंद की पारी में आठ चौके और छह छक्के की मदद से 106 रन बनाने के अलावा कप्तान तेम्बा बावुमा (48) के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 और मैथ्यू ब्रीट्जके (24) के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की. दक्षिण अफ्रीका 28वें ओवर तक दो विकेट पर 167 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहा था लेकिन कृष्णा (9.5 ओवर में 66 रन पर एक विकेट) ने 29वें ओवर में दो विकेट लेकर भारत की वापसी कराने के बाद डिकॉक को भी चलता किया. इसके बाद कुलदीप (10 ओवर में 41 रन पर चार विकेट) ने डेवाल्ड ब्रेविस (29), मार्को यानसन (17) और कोर्बिन बोश (नौ) जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को आउट कर मैच पर भारत का दबदबा बनाये रखा.
20 वनडे मैचों के बाद भारत ने जीता टॉस
भारत 20 वनडे मैचों के लंबे अंतराल के बाद टॉस जीतने में सफल रहा. अर्शदीप सिंह (36/1) ने टीम में वापसी कर रहे रेयान रिकल्टन को खाता खोले बगैर चलता कर पहले ओवर में ही टीम को सफलता दिला दी. डिकॉक ने चौथे ओवर में हर्षित राणा (बिना किसी सफलता के 44 रन) के खिलाफ लगातार दो चौके जड़ आत्मविश्वास हासिल किया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें