India vs South Africa 3rd ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच विशाखापत्तनम में सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है. मैच शुरू होने से 30 मिनट पहले एक बार फिर करोड़ों भारतीय फैंस की धड़कने थम गई थीं. कप्तान केएल राहुल पर बहुत ज्यादा दबाव था. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत ने 2023 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से ODI में एक भी टॉस नहीं जीता था. आखिरकार 20 लगातार मैचों में टॉस हारने का सिलसिला टूटा और विशाखापत्तनम में सिक्का केएल राहुल के पक्ष में गिरा.
जब भारत एकदिवसीय मैचों में लगातार टॉस हार रहा था, तब फैंस सोशल मीडिया पर कप्तानों को दोषी ठहरा रहे थे. 2023 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से लेकर अब तक रोहित शर्मा और शुभमन गिल की किस्मत टॉस के मामले में हमेशा धोखा देती रही. इस कारण फैंस से भी दोनों को खरी-खोटी सुननी पड़ी, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में केएल राहुल टॉस जीत गए.
फैंस ने रवि शास्त्री को क्यों कहा ‘पनौती’?
लगातार 20 ODI बाद जब सिक्का भारत के पक्ष में गिरा तो सोशल मीडिया पर फैंस पूर्व कोच रवि शास्त्री को ट्रोल करने लगे. इसके पीछे की दिलचस्प वजह ये है कि विशाखापत्तनम में टॉस के दौरान वो नहीं बल्कि मुरली कार्तिक मौजूद थे. जैसे ही टॉस प्रेजेंटर के तौर पर रवि शास्त्री की जगह मुरली कार्तिक आए, टीम इंडिया की किस्मत बदल गई. 20 मैचों में टॉस हारने का सिलसिला टूट गया और फैंस रवि शास्त्री को ही असली पनौती कहकर मजे लेने लगे.
— Rambabu Gurjar (@adventure77g) December 6, 2025
भारत की प्लेइंग-11 में एक बदलाव
साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेले जा रहे तीसरे वनडे में भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है. ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा की एंट्री हुई है.
IND vs SA 3rd ODI: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.
साउथ अफ्रीका: रयान रिकेलटन, क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्ज़के, एडेन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन.
ये भी पढ़ें: IND vs SA 3rd ODI Live Score: जडेजा ने बावुमा को निपटाकर साउथ अफ्रीका को दिया बड़ा झटका, भारत की वापसी