भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला विशाखापत्तनम में जारी है. केएल राहुल के उस टोटके का खुलासा हो गया है, जिससे उन्होंने भारत को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दो साल और 20 मैचों के बाद टॉस जिताने में कामयाबी हासिल की है. बता दें कि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 20 टॉस हारने के बाद भारत ने आखिरकार सूखा खत्म कर दिया. भारत वर्ल्ड कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मैच से लगातार ODI में 20 टॉस हारा है. आखिरकार टीम इंडिया ने इस सिलसिले को तोड़ दिया. भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और साउथ अफ्रीका की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया.
केएल राहुल का सबसे बड़ा ‘टोटका’
केएल राहुल ने विशाखापत्तनम में टॉस जीतने के लिए एक नया टोटका आजमाया, उन्होंने दाएं हाथ की जगह बाएं हाथ से सिक्का उछाला. तेम्बा बावुमा ने हेड्स बोला और सिक्का टेल के रूप में केएल राहुल के पक्ष में गिरा. दाएं हाथ की जगह बाएं हाथ से सिक्का उछालने का केएल राहुल का टोटका काम कर गया. टॉस जीतने के बाद केएल राहुल बेहद खुश नजर आए. राहुल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन से ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का पत्ता कट गया है. वॉशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है.
विशाखापत्तनम में भारत का रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने इस मैदान पर अब तक 10 मुकाबले खेले हैं. इसमें 7 मैचों में भारतीय टीम को जीत और दो मैचों में हार मिली है. एक मैच का परिणाम टाई रहा था. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इससे पहले विशाखापत्तनम में अब तक कोई वनडे मैच नहीं खेला गया है. विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है. इस पिच पर दो सर्वाधिक बड़े स्कोर भारतीय टीम ने ही बनाए हैं. 18 दिसंबर 2019 को भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 विकेट पर 387 रन बनाए हैं. वहीं, 5 अप्रैल 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 356 रन बनाए थे. दोनों मैचों में भारतीय टीम विजेता रही थी. विशाखापत्तनम के मैदान पर आखिरी वनडे मैच 19 मार्च 2023 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था. 19 मार्च 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम 117 रन पर सिमट गई थी.
सीरीज कब्जाने के लिए आखिरी वनडे जीतना जरूरी
तीन मैचों की यह मौजूदा वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. भारत को इस वनडे सीरीज पर कब्जा करने के लिए विशाखापत्तनम में तीसरा और निर्णायक मैच हर हाल में जीतना होगा. विशाखापत्तनम का मैदान विराट कोहली के लिए लकी रहा है. विराट कोहली यहां 7 मैचों में 3 शतक लगा चुके हैं. विराट कोहली ने 2011 से 2023 के बीच यहां 7 वनडे मैचों में 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 587 रन बनाए हैं. विशाखापत्तनम के मैदान पर विराट कोहली का औसत 97.83 का रहा है. इस मैदान पर सबसे ज्यादा 3 शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम ही है.
प्लेइंग इलेवन
साउथ अफ्रीका: रयान रिकेलटन, क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्ज़के, एडेन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन.
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.