Last Updated:
Andre Russell World Record: दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने T20 क्रिकेट में एक अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. वह टी20 में 5000 रन, 500 विकेट और 500 छक्के का आंकड़ा पूरा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं. इंटरनेशनल लीग टी20 में अपना 500 टी20 विकेट लेने के साथ ही रसेल ने यह ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाया.
नई दिल्ली. हाल ही में आईपीएल से संन्यास का ऐलान करने वाले टी20 फॉर्मेट के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अब एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर तहलका मचा दिया है. रसेल को KKR ने आगामी आईपीएल सीजन के लिए रिटेन नहीं किया था, जिसके बाद इस दिग्गज खिलाड़ी ने मिनी ऑक्शन से कुछ दिन पहले अपने आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी. वह अब अगले आईपीएल सीजन में KKR के पावर कोच की भूमिका में नजर आएंगे. आईपीएल से संन्यास लेने के बाद रसेल इंटरनेशनल लीग टी20 में खेलने उतरे, जहां उन्होंने अबू धाबी नाइट राइडर्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच मुकाबले में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड नाम कर लिया.
रसेल ने ये वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास
आंद्रे रसेल ने T20 में 5000 रन, 500 विकेट और 500 छक्के लगाने का अद्भुत आंकड़ा छू लिया, जिससे वह इस उपलब्धि को नाम करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए. वेस्टइंडीज के इस महान ऑलराउंडर ने इसी साल जुलाई में इंटरनेशनल क्रिकेट से और 30 नवंबर को IPL से रिटायरमेंट की घोषणा की थी. शुक्रवार को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ ILT20 मैच में अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए T20 में अपना 500वां विकेट लिया और इतिहास रच दिया.
आंद्रे रसेल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
अब तक कुल 126 खिलाड़ियों ने टी20 में 5000 से ज्यादा रन बनाए हैं. छह गेंदबाज 500 से ज्यादा टी20 विकेट चटकाने में कामयाब हुए हैं और 10 बल्लेबाजों ने 20-ओवर फॉर्मेट में 500 से ज्यादा छक्के मारे हैं, लेकिन रसेल अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इन तीनों लिस्ट में शामिल हैं. अब तक एक दर्जन से ज्यादा टीमों के लिए खेले 576 T20 मैचों में रसेल ने 9496 रन बनाए, 500 विकेट लिए और 772 छक्के मारे हैं. उनके पूर्व वेस्टइंडीज टीममेट ड्वेन ब्रावो और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व टीममेट शाकिब अल हसन दो ऐसे और खिलाड़ी हैं, जिन्होंने T20 में 5000 से ज्यादा रन बनाए और 500 विकेट लिए हैं. रसेल ने जो कारनामा किया है उसके आस-पास भी दुनिया का कोई अन्य खिलाड़ी नहीं है.
किसने जीता मैच?
बात करें मुकाबले की तो अबू धाबी नाइट राइडर्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच रसेल नंबर 6 पर बैटिंग करने आए और 23 गेंदों में 36 रन बनाकर नॉट आउट रहे. उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए, जिससे अबू धाबी नाइट राइडर्स ने छह विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए. हालांकि, 171 रन का टोटल नाइट राइडर्स के लिए मैच जीतने के लिए काफी नहीं था. वाइपर्स के लिए सिमरन हेटमायर ने 25 गेंदों में 48 रन बनाए और उन्हें 19.3 ओवर में दो विकेट खोकर 172 रन का टारगेट चेज करने में मदद की. हेटमायर को 17वें ओवर की चौथी गेंद पर रसेल ने आउट किया था. हेटमायर के अलावा नंबर 5 के बल्लेबाज डैन लॉरेंस ने 32 गेंदों में 35 रन बनाए और खुजैमा तनवीर 12 गेंदों में 31 रन बनाकर नॉट आउट रहे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें