मध्यप्रदेश सरकार अगले दो दिन खजुराहो से कामकाज करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 दिसंबर को विभागीय समीक्षा करेंगे और 9 दिसंबर को कैबिनेट बैठक लेंगे।
.
इस बैठक में शामिल होने के लिए राज्य के तीन मंत्री रविवार को ट्रेन से खजुराहो के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने ‘गोविंद बोलो हरी गोपाल बोलो’ भजन गाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
ट्रेन में सफर करते हुए गाया भजन
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यात्रा का वीडियो शेयर किया है। इसमें वे जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और आदिम जाति कल्याण मंत्री कुंवर विजय शाह के साथ ट्रेन में सफर करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय चाय का कप हाथ में लिए भजन गाते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य मंत्री भी उनका साथ देते दिखते हैं।
बैठक में केन-बेतवा लिंक और विकास योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह कैबिनेट बैठक केन-बेतवा लिंक परियोजना और बुंदेलखंड क्षेत्र के समग्र विकास को समर्पित होगी। बैठक में सरकार के दो साल के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही भविष्य की योजनाओं, निवेश, पर्यटन और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी।