MP Weather Update. मध्य प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का दौर लौट आया है. ऐसे में प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में शीतलहर का प्रभाव देखा जा रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान शहडोल जिले के कल्याणपुर की रात सबसे सर्द रही, जहां रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. उमरिया में 4.8 डिग्री और राजगढ़ में 5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर और शहडोल जैसे जिलों में शीत लहर का दौर देखा गया.
साथ ही इंदौर और सिवनी में तीव्र शीत लहर का प्रभाव रहा. वहीं शाजापुर, नरसिंहपुर और बैतूल जैसे जिलों में शीतल दिन देखा गया. उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री तक कम रहे. वहीं भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से 4.5 डिग्री तक कम रहा. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के भोपाल संभाग के जिलों के साथ ही कुछ अन्य जिलों में भी शीत लहर का अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, वर्तमान समय में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस ट्रक के रूप में 5.8 किलोमीटर की रफ्तार से सक्रिय बना हुआ है. साथ ही प्रदेश में अब उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू हो गया है. कुछ इसी प्रकार की हवाएं नवंबर के आखिरी सप्ताह में देखी गई थी. इन हवाओं का सबसे ज्यादा असर मध्य व पश्चिमी मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा.
इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के भोपाल संभाग के जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसमें मुख्य रूप से राजधानी भोपाल सहित सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर जैसे जिले शामिल है. इसके अलावा सिवनी और शहडोल में भी कोल्ड वेव का असर देखने को मिलेगा.
इस जिले का तापमान सबसे कम
न्यूनतम तापमान: कल्याणपुर (शहडोल) – 4°C (सबसे कम), उमरिया – 4.8°C, राजगढ़ – 5°C, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) – 5.2°C, दतिया – 6.7°C, रीवा – 5.4°C
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
उज्जैन – 10°C
जबलपुर – 7.8°C
ग्वालियर – 7.6°C
भोपाल – 6.9°C
इंदौर – 6.2°C