देवास में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिणी कलम के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया और परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन
.
बोरासी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रोहिणी कलम के घर पहुंचकर उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों से मामले को लेकर चर्चा की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर बात भी करवाई। बोरासी ने कहा कि कांग्रेस परिवार की हर संभव मदद करेगी और पुलिस अधिकारियों से भी इस संबंध में बात की जाएगी।
भाजपा के दबाव में खुले में घूमते रहे आरोपी
रीना बोरासी ने आरोप लगाया कि आरोपियों को लंबे समय तक गिरफ्तार नहीं किया गया, जिस पर भाजपा का दबाव था। उन्होंने कहा कि रोहिणी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया, जो कल्पना से परे है। बोरासी ने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरने की बात कही।
भाजपा की मानसिकता से महिलाएं आत्महत्या कर रहीं
उन्होंने भाजपा सरकार पर पिछले 22 सालों से महिलाओं को पीछे रखने का आरोप लगाया। बोरासी ने कहा कि रोहिणी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी भारत और विश्व का नाम रोशन कर सकती थी, लेकिन भाजपा की मानसिकता के कारण महिलाओं को आत्महत्या करनी पड़ रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर आगे भी आवाज उठाने का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिणी कलम आत्महत्या मामले में पुलिस ने उनके कोच विजेंद्र और जुजुत्सु संघ के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह सोलंकी को आरोपी बनाया था।