AUS vs ENG, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में मिली शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का गुस्सा फूटा है. उन्होंने अपने खिलाड़ियों की क्लास लगाते हुए उन्हें आईना दिखाया है. ब्रिस्बेन में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से बाजी मारकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. इससे पहले पर्थ में खेले गए टेस्ट में भी कंगारू टीम इंग्लैंड पर हावी रही थी और 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था.
लगातार दूसरा टेस्ट हारने के बाद बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड टीम को फटकार लगाते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसे सुनकर क्रिकेट जगत में सनसनी मची हुई है. उन्होंने मैच के बाद साफ-साफ कह दिया कि ऑस्ट्रेलिया में और मेरे ड्रेसिंग रूम में कमजोर खिलाड़ियों के लिए जगह नहीं है.
बेन स्टोक्स ने किसे कह दिया बुजदिल?
ब्रिस्बेन टेस्ट के चौथे दिन बेन स्टोक्स ने कुछ समय तक इंग्लैंड की हार टालने की पूरी कोशिश की. उन्होंने 152 गेंदों का सामना किया और 50 रन बनाए. उन्होंने विल जैक्स के साथ 220 गेंदों पर 96 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप की बदौलत इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 65 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन इतना काफी नहीं था.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट हारने के बाद बेन स्टोक्स ने कहा, ”एक कहावत है जो हम पहले भी यहां कई बार कह चुके हैं कि ऑस्ट्रेलिया कमजोर लोगों के लिए नहीं है. मैं जिस ड्रेसिंग रूम का कप्तान हूं, वहां भी कमजोर लोगों के लिए जगह नहीं है। यह बहुत निराशाजनक है. मेरे लिए, इसका एक बड़ा कारण इस खेल, इस प्रारूप के दबाव का सामना न कर पाना है, जब खेल दांव पर हो.”
बेन स्टोक्स ने आगे कहा कि छोटे-छोटे मौकों पर हम कुछ हद तक नियंत्रण हासिल कर पाए हैं और फिर हमने उसे हाथ से जाने दिया है. इस हफ्ते भी हमने यही किया है. यह बेहद निराशाजनक है, खासकर हमारे ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ियों की क्षमता को देखते हुए. हमें उन पलों के बारे में थोड़ा और गहराई से सोचने की जरूरत है और यह भी कि हम मानसिक रूप से उनमें क्या ले रहे हैं. कुल मिलाकर, हमें जरूरत पड़ने पर थोड़ा और संघर्ष दिखाना होगा.
टीम पर जताया भरोसा
एशेज सीरीज में दो मैचों में लगातार हार के बावजूद बेन स्टोक्स ने भरोसा जताया है कि उनकी टीम अगले तीन मुकाबले जीतने का दम रखती है. इंग्लिश कप्तान ने आगे कहा कि मुझे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ पर पूरा भरोसा है. हम जानते हैं कि हमें अगले तीन मैच जीतने ही होंगे. हम पहले भी 2-0 से पिछड़ चुके हैं. हम अपने सामने मौजूद चुनौती से पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन अगर हम एशेज वापस इंग्लैंड लाना चाहते हैं, तो हमें यह देखना होगा कि कहां गड़बड़ हुई है और उन्हें जल्दी से सुलझाना होगा.
ये भी पढ़ें: ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के जीतते ही ऐसा क्या हुआ? कपिल देव के माथे से हटा पाकिस्तान में लगा ये दाग