मेले के आयोजन के लिए की गई माता की पूजा।
झाबुआ जिले के रायपुरिया में इस वर्ष आयोजित होने वाला मां भद्रकाली मवेशी मेला रद्द कर दिया गया है। ग्राम पंचायत ने यह निर्णय लिया है। यह मेला प्रतिवर्ष 11 से 17 तारीख तक आयोजित होना था, जिसके लिए परंपरा अनुसार माता भद्रकाली की पूजा-अर्चना भी की गई थी।
.
ग्राम पंचायत सचिव तोलसिंह निनामा ने बताया कि ग्राम पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से मेले को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। यह मेला हर साल बड़ी संख्या में ग्रामीणों को आकर्षित करता है, जिसमें प्रतिदिन हजारों लोग पहुंचते हैं।
पंचायत की ओर से जारी पत्र।
इसलिए किया रद्द
ग्राम पंचायत ने बताया कि ग्रामवासियों के आवेदनों और स्थानीय व्यापारियों को होने वाली असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। मेले को रद्द करने के मुख्य कारणों में गंदगी, असामाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग और अस्पताल परिसर के पास मेला क्षेत्र होने के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा शामिल है। इसके अतिरिक्त, मेला अवधि के दौरान 15 से 20 दिनों तक आवागमन भी बाधित रहता है।
ग्राम पंचायत के इस निर्णय से स्थानीय व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने सरपंच होमी नंदू निनामा और उपसरपंच दीपिका सोलंकी का आभार जताया। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर ग्रामीण इस मेले को लेकर कई प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।