Last Updated:
Amit Pasi World Record: बड़ौदा के 26 साल के क्रिकेटर अमित पासी ने डेब्यू टी20 मैच में सबसे बड़ी पारी खेलकर इतिहास रच दिया. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा और सर्विसेज के बीच खेले गए एलीट ग्रुप-सी के मैच में 55 गेंदों में 114 रन बनाए और रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज करा लिया.
नई दिल्ली. डेब्यू मैच में ही कोई भी खिलाड़ी वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दे, यह सपने देखने जैसा ही है. भारत के एक बल्लेबाज ने ऐसा कर दिखाया है. डेब्यू टी20 मैच खेलने उतरे 26 साल के अमित पासी की बल्लेबाजी से हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड पर चौके-छक्कों से ऐसा तूफान आया कि उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड ही बना दिया. दरअसल, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अमित पासी ने बड़ौदा के लिए सर्विसेज के खिलाफ मुकाबला खेला, जिसमें शतक ठोक दिया. यह उनका टी20 क्रिकेट में पहला मुकाबला था.
9 छक्के, 10 चौके, 114 रन और वर्ल्ड रिकॉर्ड
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अमित पासी ने इतिहास रच दिया, जब उन्होंने सर्विसेज के खिलाफ T20 डेब्यू पर सेंचुरी लगाई. उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में 114 रन बनाए और डेब्यू टी20 मैच में संयुक्त रूप से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए. अमित ने क्रीज पर रहते हुए दस चौके और नौ छक्के लगाए. अमित ने पाकिस्तान के बल्लेबाज बिलाल आसिफ के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की, जो उन्होंने मई 2015 में सियालकोट स्टैलियंस के लिए खेलते हुए बनाया था. बिलाल के नाम सबसे छोटे फॉर्मेट में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी का सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था. अब अमित भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं. बिलाल ने 48 गेंदों में 8 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 114 रन बनाए थे.
अमित पासी ने डेब्यू टी20 मैच में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
T20 डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले 5 बल्लेबाज
बिलाल आसिफ (सियालकोट स्टैलियंस) – 48 गेंदों में 114 रन (2015)
अमित पासी (बड़ौदा) – 55 गेंदों में 114 रन (2025)
मोइन खान (कराची डॉल्फिन्स) – 59 गेंदों में 112 रन (2005)
एम स्पोर्स (कनाडा) – 66 गेंदों में 108* रन (2022)
एस भाम्बरी (चंडीगढ़) – 57 गेंदों में 106 रन (2019)
ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने
अमित पासी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए शतक जड़ने वाले इतिहास के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. आखिरी बार 6 साल पहले 2019 में ऐसा देखने को मिला था, जब शिवम भांबरी ने चंडीगढ़ के लिए डेब्यू करते हुए हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 106 रन बनाए थे. अक्षय रेड्डी के नाम डेब्यू करते हुए इस टूर्नामेंट में सबसे पहले सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 2010 में हैदराबाद के लिए डेब्यू मैच खेला, जिसमें मुंबई के खिलाफ नाबाद 105 रन बनाए.
अमित के शतक से जीता बड़ौदा
मैच की बात करें तो बड़ौदा ने अमित पासी की शानदार सेंचुरी की बदौलत 220 रनों का बड़ा स्कोर बनाया. जवाब में, सर्विसेज ने अच्छी शुरुआत की. उनके ओपनर्स कुंवर पाठक और रवि चौहान ने 51-51 रन बनाए और सिर्फ 8.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े कप्तान मोहित अहलावत ने भी टीम के लिए आगे बढ़कर 22 गेंदों में 41 रन बनाए, लेकिन जरूरी रन रेट के दबाव के कारण रन चेज में सर्विसेज का स्कोर 156/2 से 187/8 हो गया. अंत में सर्विसेज 20 ओवर में सिर्फ 207 रन ही बना सकी और बड़ौदा ने अपनी चौथी जीत दर्ज की.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें