T20 World Record: बड़ौदा विकेटकीपर-बल्लेबाज अमित पासी ने सोमवार (8 दिसंबर) को हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में सर्विसेज के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हुए अपने टी20 डेब्यू में सेंचुरी लगाई. 26 साल के इस खिलाड़ी ने सिर्फ 55 गेंदों पर 114 रन बनाए. उनकी पारी में 10 चौके और नौ छक्के शामिल थे. अमित ने इस धमाकेदार शतक से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने 2019 में बने एक बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया.
महारिकॉर्ड की बराबरी भी की
अमित ने पुरुषों के क्रिकेट में टी20 डेब्यू पर सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की. उन्होंने पाकिस्तान के बिलाल आसिफ के बनाए रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने मई 2015 में फैसलाबाद में एक घरेलू T20 मैच में सियालकोट स्टैलियंस के लिए 48 गेंदों पर 114 रन बनाए थे. पंजाब के शिवम भांबरी और हैदराबाद के अक्षत रेड्डी के बाद पासी अब टी20 डेब्यू में शतक बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं. इत्तेफाक से तीनों शतक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आए हैं.
टी20 डेब्यू में भारतीयों के शतक
अमित पासी – 2025- बड़ौदा बनाम सर्विसेज- 114 रन
शिवम भांबरी – 2019- चंडीगढ़ बनाम हिमाचल प्रदेश- 106 रन
अक्षत रेड्डी – 2010- हैदराबाद बनाम मुंबई- 105 रन
ये भी पढ़ें: Explainer: अमेरिका में फुटबॉल वर्ल्ड कप देखना चाहते हैं? जेब करनी होगी ढीली, वीजा से लेकर टिकट प्रकिया तक जान लें
रोमांचक मैच में जीता बड़ौदा
अमित पासी ने अकेले ही बड़ौदा को 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन बनाने में मदद की. लगातार दूसरे छोर पर विकेट गंवाने के बावजूद वह टिके रहे और लगातार रन बनते रहे. उन्होंने 44 गेंदों में छक्के से अपना शतक पूरा किया. इससे पहले 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अगली 31 गेंदों में 64 रन जोड़े. बड़ौदा ने 20 ओवरों में 5 विकेट पर 220 रन बनाए. जवाब में सर्विसेज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 208 रन ही बना सकी. बड़ौदा ने 13 रनों से जीत हासिल की और अमित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.