.
अकोदिया और आसपास के क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। कुछ दिनों की राहत के बाद सर्द हवाओं ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया है। इससे लोगों को सुबह-शाम के साथ दिन में भी सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दिनों नगर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और रात का तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
दिन में धूप निकलने के बावजूद 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। रात में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि अब तापमान में और तेजी से गिरावट आएगी। उन्होंने अनुमान लगाया कि इस महीने तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही, सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी संभावना है।
हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी रविवार सुबह भी नगर में हल्का कोहरा देखा गया। लोग शाम 5 बजे से ही गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने को मजबूर हो गए। ठंड के कारण सूखे मेवों की मांग बढ़ गई है। नवंबर माह से आमतौर पर मौसम सर्द होने लगता है। इस साल नवंबर में तापमान में गिरावट शुरू हो गई थी। लेकिन उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी का एहसास कम था। हालांकि, पिछले दो दिनों से हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होने से ठंड बढ़ गई है। नगर का मौसम लगातार सर्द होता जा रहा है।