Lowest innings totals in T20s Ever: क्रिकेट एक ऐसा खेल है जिसमें हर मुकाबले के दौरान रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन कुछ कारनामे ऐसे होते हैं, जिन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है. टी20 फॉर्मेट को क्रिकेट की दुनिया में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए माना जाता है, जहां बल्लेबाज आते ही चौके-छक्कों की बारिश करते हैं, लेकिन इसी फॉर्मेट में एक पूरी टीम सिर्फ 7 रन ही बना पाई थी. ये बात आपको चौंका सकती है, लेकिन यह सच है. यह कमाल किसी लोकल मैच में नहीं बल्कि टी20 इंटरनेशनल में हो चुका है. यह रिकॉर्ड 2024 में बना था, जो टी20 इतिहास का सबसे छोटा स्कोर है.
जिस टीम के खिलाफ यह शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है वह कोई और नहीं बल्कि आइवरी कोस्ट है. क्रिकेट फैंस शायद इस टीम के नाम से अनजान हों, क्योंकि यह टीम ज्यादा इंटरनेशनल मैच नहीं खेलती, लेकिन 2024 में नाइजीरिया के खिलाफ जब यह टीम मैदान पर उतरी तो 7 रनों पर ऑल आउट हो गई. नाइजीरिया की घातक गेंदबाजी के सामने बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरस गए थे.
कहां खेला गया था यह मुकाबला?
नाइजीरिया और आइवरी कोस्ट के बीच यह मुकाबला आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल अफ्रीका क्वालिफायर के ग्रुप-सी के तहत खेला गया था. लागोस के तफावा बालेवा स्क्वायर क्रिकेट ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में नाइजीरिया ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 271 रन बनाए थे. फिर आइवरी कोस्ट को सिर्फ 3.4 ओवर में 7 रनों पर ऑल आउट कर दिया. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी टीम का पहला सिंगल डिजिट स्कोर है, जिसे शर्मनाक कहा जाता है. वहीं नाइजीरिया ने 264 रनों से बड़ी जीत हासिल की, जो टी20 इंटरनेशनल इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी जीत थी.
7 बल्लेबाजों का नहीं खुला था खाता
अगर मैच की बात करें तो नाइजीरिया को 271 तक पहुंचाने में 3 खिलाड़ियों ने अहम रोल अदा किया था. ओपनर सुलेमान रनसेवे ने 29 बॉल पर 8 चौकों की मदद से 50 रन बनाए थे. उनके साथी सेलिम सलाउ ने 53 बॉल पर 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी. फिर 5वें नंबर पर उतरे इसहाक ओक्पे ने 23 बॉल पर 6 छक्के और 3 चौकों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए थे. 272 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी आइवरी कोस्ट के बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे. टीम 7 रनों पर सिमट गई. हैरानी की बात यह थी कि 7 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे. टीम के लिए सबसे ज्यादा रन सलामी बल्लेबाज ओक मोहम्मद ने बनाए थे, जिन्होंने 6 गेंदों पर 4 रन बनाए. बाकी तीन बल्लेबाजों ने 1-1 का स्कोर किया था.
2024 में 5 टीमें 18 रनों के अंदर ऑल आउट हुईं
दिलचस्प बात यह है कि टी20 इंटरनेशनल के टॉप 5 सबसे कम स्कोर में से 4 स्कोर सिर्फ साल 2024 में बने थे. इनमें सबसे पहले नंबर पर आइवरी कोस्ट की टीम है, जो सिर्फ 7 रनों पर सिमट गई थी. दूसरे नंबर पर मंगोलिया है, जो 2024 में सिंगापुर के खिलाफ 10 रनों पर ऑल आउट हो गई थी.
टी20I के सबसे कम स्कोर पर ऑल आउट होने वाली 5 टीमें
आइवरी कोस्ट- 7 रन vs नाइजीरिया (2024)
मंगोलिया- 10 रन vs सिंगापुर (2024)
आइल ऑफ मैन- 10 रन vs स्पेन (2023)
मंगोलिया- 12 रन vs जापान (2024)
मंगोलिया – 17 रन vs हॉन्ग कॉन्ग (2024)
ये भी पढ़ें: W W W W W W: 4 ओवर में अकेले ही कर दिया आधी टीम का सफाया, गिल के साथी ने SMAT में रच डाला इतिहास