नई दिल्ली. भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी. अब मेजबान टीम टी20 सीरीज जीतने उतरेगी. 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में कल यानी 9 दिसंबर को खेला जाएगा. T20 वर्ल्ड कप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए यह सीरीज महत्वपूर्ण होने वाली है. मेजबान टीम के लिए शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या चोट के बाद वापसी कर रहे हैं. आइए पिच रिपोर्ट जानते हैं…
लाल मिट्टी की पिच पर होगा मुकाबला
पहली बार कटक में लाल मिट्टी की पिच तैयार की गई है, जिसमें हल्की घास भी मौजूद है. ऐसे में गेंदबाजों को उछाल मिलने की उम्मीद है. इसे टी20 मैच में बल्लेबाजों के लिए आदर्श पिच माना जा रहा है. अगर इस पिच पर थोड़ी नमी हो, तो यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले भी देखने को मिल सकता है. हालांकि, यह पिच बिल्कुल नई है. देखना दिलचस्प होगा कि टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का बल्लेबाजी, क्या करना चाहेगी. कटक के मौसम की बात करें तो मैच के दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. मैच पर बारिश का बिल्कुल भी साया नहीं है.
कटक की पिच रिपोर्ट.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का टी20 रिकॉर्ड?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 इतिहास में अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 18 मैच अपने नाम किए, जबकि साउथ अफ्रीका ने 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की. इनके अलावा, एक मैच बेनतीजा रहा है. बाराबती स्टेडियम में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो T20I मैच खेले हैं और दोनों में ही हार मिली है. ये दोनों मैच भारत ने 2015 और 2022 में रन डिफेंड करते हुए गंवाए.
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर.
साउथ अफ्रीकी टीम: एडेन मार्करम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, देवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डोनोवन फरीरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्त्जे, लुथो सिपामला, ट्रिस्टन स्टब्स.