राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू
बालाघाट के हॉकी सिंथेटिक टर्फ मैदान में मंगलवार से महाविद्यालयीन राज्य स्तरीय महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई है। यह स्पर्धा आगामी 12 दिसंबर तक चलेगी। पहले दिन नौ दिसंबर को खेले गए नॉक आउट मैचों में पुरुष वर्ग में रीवा और शहडोल, जबकि महिला
.
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक अनुभा मुंजारे की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल शुरू करने की घोषणा की। पुरुष वर्ग का पहला नॉक आउट मैच सागर और रीवा के बीच खेला गया, जिसमें रीवा ने सागर को 5-1 के अंतर से हराया। दूसरा मैच छिंदवाड़ा और शहडोल के बीच हुआ, जिसमें शहडोल ने छिंदवाड़ा को 2-0 से पराजित किया।

महिला वर्ग में भी दो मैच खेले गए। पहले मैच में सागर ने रीवा को 1-0 से हराया। वहीं, इंदौर ने शहडोल को 4-0 के बड़े अंतर से मात दी। पीजी कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी अनिल झरवडे ने बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता महाविद्यालय खेलकूद कैलेंडर के अनुसार आयोजित की जा रही है। इसमें राज्य के 9 संभागों – सागर, रीवा, इंदौर, शहडोल, छिंदवाड़ा, छतरपुर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
