8 पंच और 1 सरपंच पद के उपचुनाव घोषित: सीहोर जिले में 29 दिसंबर को वोटिंग होगी – Sehore News

8 पंच और 1 सरपंच पद के उपचुनाव घोषित:  सीहोर जिले में 29 दिसंबर को वोटिंग होगी – Sehore News



राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतों के उप-चुनाव वर्ष-2025 (उत्तरार्द्ध) के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सीहोर जिले में 8 पंच और 1 सरपंच पद रिक्त हैं, जिन पर उपचुनाव कराए जाएंगे।

.

इनमें सीहोर जनपद की ग्राम पंचायत बिजलोन, धबोटी और भोजनगर शामिल हैं। आष्टा जनपद की ग्राम पंचायत भानाखेड़ी, डूका, झरखेड़ी, जताखेड़ा और लसूडिया हटेसिंग में भी पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त, इछावर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बोरदीकलां में भी उपचुनाव होगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को निर्वाचन की सूचना, सीटों के आरक्षण और मतदान केंद्रों की जानकारी प्रकाशित की गई। इसी दिन से नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नाम निर्देशन-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर है।

नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा (जांच) 16 दिसंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने, उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और चुनाव चिह्नों के आवंटन की अंतिम तिथि 18 दिसंबर निर्धारित की गई है। मतदान 29 दिसंबर को होगा। इसी दिन केवल पंच पद के लिए मतदान केंद्र पर ही मतगणना की जाएगी।

सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के मतों की गणना विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से 2 जनवरी को की जाएगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के लिए मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा भी 2 जनवरी को होगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए विकासखंड स्तरीय सारणीकरण भी इसी दिन होगा।

पंच पद की मतदान केंद्र पर हुई मतगणना का सारणीकरण और परिणाम की घोषणा 5 जनवरी को होगी। इसी दिन पंच पद की विकासखंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना, सारणीकरण और परिणाम की घोषणा भी होगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा भी 5 जनवरी को की जाएगी।



Source link